Rashtra Jagat Breaking
February 4, 2026

RJYS GROUP

बंदरों के हमले से छत से गिरी महिला, हालत गंभीर

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली। थाना आंवला क्षेत्र के ग्राम रामनगर में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। रामनगर निवासी 45 वर्षीय रजनी देवी पत्नी रमेश चंद्र पर अचानक बंदरों ने हमला कर दिया, जिससे वह छत से नीचे सड़क पर गिर गईं। गंभीर रूप से घायल रजनी देवी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पति रमेश चंद्र ने बताया कि सुबह करीब 8:00 बजे रजनी देवी छत पर घरेलू काम कर रही थीं, तभी बंदरों का एक झुंड वहां आ पहुंचा। बंदरों ने उन पर हमला कर दिया, जिससे घबराकर वह मकान के पीछे की ओर सड़क पर जा गिरीं। गिरने से उनके दोनों पैरों में गंभीर फ्रैक्चर हो गए।
परिजनों ने तुरंत उन्हें रामनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बरेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल रजनी देवी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

जामुन उठाने को लेकर मारपीट, पांच लोग घायल

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली। फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के गांव कादरगंज में बुधवार को जामुन उठाने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। इस घटना में एक बच्ची समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना सुबह उस समय हुई जब गांव से कुछ दूरी पर जंगल में स्थित एक जामुन के पेड़ से कुछ युवक जामुन तोड़ रहे थे। एक युवक पेड़ पर चढ़ा हुआ था जबकि दूसरा युवक मौसम नीचे खड़े होकर जामुन बीन रहा था। उसी समय पास में खड़ी उमेश की 8 वर्षीय बेटी जानवी भी जामुन उठाने लगी। आरोप है कि इसी बात को लेकर मौसम ने जानवी की पिटाई कर दी।
जानवी रोती हुई घर पहुंची और उसने मां सुनीता को आपबीती सुनाई। सुनीता ने जब मौसम के घर जाकर शिकायत की, तो वहां मौजूद लोगों ने उसकी भी पिटाई कर दी। इसके बाद जब परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई तो आरोपियों को इसकी भनक लग गई।
शिकायत से नाराज़ होकर आरोप है कि मौसम, रंजीत, शेखर, राजेश और अरविंद नामक युवक उमेश के घर में घुस आए और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में जानवी, उसकी मां सुनीता, पिता उमेश, सोनवती और सुंदरलाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया, जहां सुंदरलाल की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। उनका इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

500 रुपए शराब पीने को ना देने पर युवक को चाकू मारकर किया घायल

राष्ट्र जगत संवाददाता।


बरेली। थाना प्रेम नगर क्षेत्र के चंद्रशेखर आजाद नगर निवासी 38 वर्षीय अंकुर सिंह पुत्र महिपाल को चाकू मारकर घायल कर दिया, घायल ने थाना इज्जतनगर पुलिस से शिकायत की पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया।

घायल अंकुर सिंह ने बताया सुबह किसी काम से इज्जतनगर क्षेत्र के कुदेशिया फाटक के पास गया था इस दौरान ज्ञानेंद्र मौर्य नाम का युवक आ गया उसने अंकुर से 500 रुपए शराब पीने के लिए उधार मांगे अंकुर ने देने से मना कर दिया इस बात को लेकर ज्ञानेंद्र मौर्य नाराज हो गया उसने धारधार हथियार से हमला कर दिया अंकुर सिंह के चेहरे पर चोट आई है अंकुर का आरोप है ज्ञानेंद्र मौर्य ने चाकू मारा है। अंकुर सिंह ने इज्जत नगर पुलिस से शिकायत की पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया आरोपी की तलाश शुरू कर दी।

कुख्यात हिस्ट्रीशीटर जुबैर उर्फ पाया पर बीडीए की बड़ी कार्रवाई,

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली। गो तस्करी जैसे गंभीर मामलों में लिप्त कुख्यात हिस्ट्रीशीटर जुबैर उर्फ पाया के खिलाफ बरेली विकास प्राधिकरण ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। बीडीए ने बारादरी थाना क्षेत्र स्थित उसके अवैध रूप से निर्मित तीन मंजिला मकान को बुलडोजर चलवाकर ध्वस्त कर दिया।
कार्रवाई बीडीए के संयुक्त सचिव दीपक कुमार की निगरानी में संपन्न हुई। उन्होंने बताया कि जुबैर उर्फ पाया ने बिना किसी वैध मानचित्र स्वीकृति के यह इमारत खड़ी की थी। पूर्व में उसे नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कोई वैध दस्तावेज
पेश नहीं किया गया। निर्धारित प्रक्रिया के तहत बुधवार को मकान को गिराने की कार्रवाई की गई।

इस दौरान प्रशासनिक अमला, पुलिस बल और राजस्व विभाग के अधिकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

कई संगीन धाराओं में दर्ज हैं मुकदमे

हिस्ट्रीशीटर जुबैर उर्फ पाया के खिलाफ पशु तस्करी, आर्म्स एक्ट समेत कुल 13 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वह लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे 6 जून को विकास भवन के पीछे से तमंचा व कारतूस सहित गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार करने के बाद यह भी खुलासा हुआ कि वह मुंबई भाग गया था और हाल ही में वापस लौटा था।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है । इस दौरान एसपी सिटी मानुष पारीक, सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव, कई थानों की पुलिस पीएसी , पुलिस टीम और बीडीए की टीम मौजूद थी।

एसएसपी ने डम्पिंग यार्ड का किया उद्घाटन

बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने थाना इज्ज़तनगर क्षेत्र में नवनिर्मित डम्पिंग यार्ड का विधिवत उद्घाटन किया। इस यार्ड की स्थापना का उद्देश्य जनपद के विभिन्न थानों में वर्षों से खड़े लावारिस, मुकदमों से संबंधित एवं सीज किए गए वाहनों को एक स्थान पर सुव्यवस्थित ढंग से संग्रहित करना है, जिससे थाना परिसरों में स्थान की कमी की समस्या का समाधान हो सके।
यह डम्पिंग यार्ड आधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जिसमें वाहनों की सुरक्षा, रिकॉर्ड संधारण और नीलामी प्रक्रिया को पारदर्शी व सरल बनाने की समुचित व्यवस्था की गई है।

उद्घाटन अवसर पर एसएसपी अनुराग आर्य ने कहा, “यह डम्पिंग यार्ड न केवल पुलिस प्रशासन के कार्यों को सरल बनाएगा, बल्कि शहर की स्वच्छता और व्यवस्थापन में भी सहायक सिद्ध होगा। हमारा उद्देश्य है कि सभी लावारिस और सीज वाहनों का नियमानुसार और पारदर्शी ढंग से निस्तारण हो, जिससे जनता को कोई असुविधा न हो।”
उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि यार्ड संचालन में पारदर्शिता व जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी और पुलिस विभाग इसकी समय-समय पर निगरानी करेगा ताकि समस्त प्रक्रियाएं सुचारू रूप से संपन्न हो सकें।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक नगर मानुष पारीक, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक यातायात मोहम्मद अकमल खान, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम आशुतोष शिवम, क्षेत्राधिकारी नगर तृतीय पंकज श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी हाईवे नीलेश मिश्र, प्रभारी निरीक्षक इज्ज़तनगर सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

भारत में सिर की चोट के मामले सबसे ज्यादा, जागरूकता और सुरक्षा है जरूरी

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली। सिर की चोटें न सिर्फ अपंगता का बड़ा कारण हैं बल्कि वयस्कों में मृत्यु का एक प्रमुख कारण भी बन चुकी हैं। सड़क हादसे, गिरने, खेल-कूद या हिंसा जैसी रोजमर्रा की घटनाएं गंभीर और कभी-कभी जानलेवा परिणाम दे सकती हैं। सिर की चोट का मतलब खोपड़ी, मस्तिष्क, स्कैल्प या ब्लड वेसल्स को हुए किसी भी तरह के आघात से है।

मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, साकेत के न्यूरो एंड स्पाइन सर्जरी विभाग के प्रिंसिपल कंसल्टेंट डॉ. वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि “भारत में स्थिति चिंताजनक है—यहां हर साल 1 लाख से अधिक मौतें और 10 लाख से ज्यादा गंभीर सिर की चोट के मामले सामने आते हैं। जबकि अमेरिका में 200 में 1 ट्रॉमा पीड़ित की मौत होती है, भारत में यह आंकड़ा 6 में 1 है। सिर की चोट के 60% मामले सड़क हादसों से होते हैं और 15-20% में शराब की भूमिका होती है। सबसे ज्यादा प्रभावित उम्र समूह 20 से 40 वर्ष के युवा होते हैं, जो अधिकतर परिवार के कमाऊ सदस्य होते हैं, जिससे पूरा परिवार आर्थिक संकट में आ सकता है।“
डॉ. वीरेन्द्र ने आगे बताया कि “सिर की चोट के सामान्य कारणों में सड़क दुर्घटनाएं, गिरना, मारपीट, खेलों में लगी चोटें शामिल हैं। उच्च जोखिम वाले समूहों में 4 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग, मेहनतकश श्रमिक और हाई-इंपैक्ट खेलों में शामिल खिलाड़ी आते हैं। चोट के प्रकारों में कंकशन, खोपड़ी की हड्डी टूटना, हेमेटोमा, ब्रेन कंट्यूजन और डिफ्यूज़ एक्सोनल इंजरी शामिल हैं। आम लक्षणों में सिरदर्द, उल्टी, बेहोशी, दौरे और कोमा हो सकते हैं। इसके लिए त्वरित शारीरिक जांच, सीटी स्कैन और एमआरआई जैसे परीक्षण जरूरी हैं।“
इलाज की गंभीरता के आधार पर रोगी को आराम, निगरानी, या सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है। समय पर और उचित प्रबंधन से जीवन बचाया जा सकता है और दीर्घकालिक परिणाम बेहतर होते हैं। बचाव के लिए हेलमेट पहनना, सीट बेल्ट लगाना, शराब पीकर वाहन न चलाना और बुजुर्गों द्वारा सावधानी बरतना जरूरी है। सभी मध्यम से गंभीर सिर की चोट के मामलों को न्यूरोसर्जरी सुविधा वाले अस्पताल में तुरंत भेजना चाहिए। सिर की चोटें रोकी जा सकती हैं, समय पर इलाज से ठीक की जा सकती हैं। जरूरत है तो सिर्फ जागरूकता और सतर्कता की।

10 मिनट की बारिश में सड़क जलमग्न

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली।सुबह हुई बारिश में बिहारीपुर,सौदागरान,दरगाह आला हज़रत मोड़,मलूकपुर बज़रिया,जसौली आदि सड़कें जलमग्न हो गई, लोगों ने बताया कि नालियों और सीवरलाइनो की तलिझाड़ सफाई न होने के कारण जलभराव हुआ,समय से नालियों की सफाई होती रहे तो थोड़ी सी बारिश में सड़क पर पानी न भरे।जनसेवा टीम के अध्यक्ष एवं समाजसेवी पम्मी ख़ाँ वारसी ने नगर निगम प्रशासन से नालियों और सीवरलाइन की सफाई कराने और क्षेत्र के लोगों को जलभराव से मुक्ति के लिये जसौली स्थित टक्कर की पुलिया जो जलनिकासी का मुख्य रास्ता है उसका चौड़ीकरण पर ध्यान दे।
क्षेत्र की जनता को जागरूक होने की ज़रूरत है नालियों में कूड़े की थैलियां न फेंके,कूड़े की थैलियां भी जलनिकासी में बाधा बनती है।

बरेली कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन,

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली। शुक्रवार को बरेली कॉलेज के खेल मैदान में 11वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के सहकारिता राज्य मंत्री जेपीएस राठौर और प्रमुख सचिव सहकारिता सौरभ बाबू विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन और निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार हुई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि “योग को सभी लोगों को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से आज योग को वैश्विक पहचान मिली है।”

इस बीच सूर्य नमस्कार को लेकर मौलाना शहाबुद्दीन रिजवी द्वारा किए गए विरोधात्मक बयान ने विवाद खड़ा कर दिया। मौलाना ने सूर्य नमस्कार को इस्लाम विरोधी बताते हुए मुस्लिम समुदाय से इसका बहिष्कार करने की अपील की।

मौलाना के इस बयान पर मंत्री राठौर ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “सूर्य नमस्कार किसी धर्म से जुड़ा नहीं है, यह एक व्यायाम है जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है। जो लोग इसका विरोध कर रहे हैं, उनकी जुबान कुछ ही दिनों में खुद ही बंद हो जाएगी। ऊपर की ओर थूकने वाला खुद ही गंदा होता है।”

मंत्री राठौर ने यह भी कहा कि योग और सूर्य नमस्कार जैसे अभ्यास शरीर और मन को स्वस्थ रखने का साधन हैं, जिन्हें सभी धर्मों के लोगों को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सहकारिता विभाग एवं प्रभारी मंत्री जे पी एस राठौर , प्रमुख सचिव सहकारिता विभाग सौरभ बाबू , सांसद छत्रपाल गंगवार,कैंट विधायक संजीव अग्रवाल, मीरगंज विधायक डी सी वर्मा , बिथरी विधायक राघवेंद्र शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, महापौर डॉ उमेश गौतम, जिला अध्यक्ष सोमपाल शर्मा , महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, आंवला जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, जिला अधिकारी अविनाश सिंह , एडीएम सिटी सौरभ दुबे, एडीएम प्रशासन , पूर्णिमा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री , नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्या,बीडीए बीसी मणिकंडन , सीडीओ सुश्री देवयानी , बरेली कॉलेज के प्राचार्य ओ पी राय, सिविल डिफेंस उप नियंत्रक राकेश मिश्रा, प्रमोद डागर, गिरीश साहनी, शिवलेश पांडेय , योग टीचर विजय गुप्ता , योग टीचर नित्या शर्मा ,गरिमा सिंह , डॉ वंदना शर्मा , बंटी ठाकुर , प्रजापिता ब्रह्माकुमारी की टीम सहित आदि लोग मौजूद रहे।

पुलिस और बदमाशों में मुठभेड़, एक के पैर में लगी गोली

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली। थाना हाफिजगंज पुलिस ने गुरुवार रात मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। पुलिस ने बदमाशों के कब्जे से अवैध असलहे और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की है।

थाना हाफिजगंज क्षेत्र के ग्राम जासपुर निवासी श्यामाचरण ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 12 जून को शाम 4 बजे उसका नाती जितिन पुत्र राजकुमार गांव के पास मोटरसाइकिल चलाना सीख रहा था, तभी तीन अज्ञात बदमाशों ने उसे तमंचा दिखाकर सैमसंग मोबाइल और स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लूट ली।
20 जून की रात मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस ने गुलड़िया महीपत के जंगल के पास नाकेबंदी की। जब संदिग्ध बाइक सवारों को रोकने की कोशिश की गई, तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश प्रमोद उर्फ पकौड़ी के पैर में गोली लग गई। मौके से उसके एक साथी सन्नी कुमार को गिरफ्तार किया गया, जबकि तीसरा आरोपी प्रशांत पटेल अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया।

बरामदगी और कार्यवाही

पुलिस ने आरोपियों के पास से 315 बोर और 12 बोर के दो तमंचे, जिंदा व खोखा कारतूस और लूटी गई मोटरसाइकिल बरामद की। घायल बदमाश को पहले सीएचसी नवाबगंज और फिर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
इस मुठभेड़ में प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार, एसओजी प्रभारी, सर्विलांस टीम, निरीक्षक अपराध राजबली सिंह, उपनिरीक्षक वैभव गुप्ता, दीपक वर्मा, नितेश चौधरी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

केसीएमटी में योग: शांति, शक्ति और संतुलन की ओर एक कदम

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली । खंडेलवाल कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में एक योग सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों , एनसीसी कैडेट्स एवं शिक्षकगणों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।कार्यक्रम का संचालन एनएसएस स्वयंसेवक सौम्य शर्मा द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को योगासन, प्राणायाम, सूर्य नमस्कार एवं विभिन्न ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया।इस अवसर पर महाविद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. विनय खंडेलवाल ने कहा, “योग न केवल हमारे शरीर को ऊर्जावान और लचीला बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को कम कर समग्र जीवन में संतुलन स्थापित करता है। महाविद्यालय के महानिदेशक व प्राचार्य डॉ. आर.के.सिंह ने योग को भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि “योग के माध्यम से मन, शरीर और मस्तिष्क में सामंजस्य स्थापित होता है, जो सकारात्मक ऊर्जा का संचार कर जीवन को पूर्णता की ओर ले जाता है। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी श्री राकेश चतुर्वेदी, डॉ शिव स्वरूप , डॉ कल्पना कटियार, डॉ नृपेंद्र प्रताप, दिया ओली, डॉ निशा दिनकर, डॉ अमिता , शुभ्रा त्रिवेदी , डॉ हुमैरा एवं समस्त प्रवक्तागण की गरिमामयी उपस्थिति रही। समस्त कार्यक्रम एनएसएस अधिकारी डॉ सविता सक्सेना व एनसीसी अधिकारी ले रचना के निर्देशन में हुआ।कार्यक्रम का मूल उद्देश्य छात्रों को योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों से परिचित कराना तथा उन्हें स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करना था।