Rashtra Jagat Breaking
May 6, 2026

उत्तर प्रदेश

उपभोक्ता देवो भव:’—स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड की तरह, यूपी सरकार का बड़ा फैसला


उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने स्मार्ट/प्रीपेड मीटर व्यवस्था में अहम बदलाव का ऐलान किया है। बढ़ती तकनीकी दिक्कतों और उपभोक्ताओं की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है कि अब सभी स्मार्ट मीटर पोस्टपेड मीटर की तरह काम करेंगे।
सरकार के इस फैसले के अनुसार प्रीपेड व्यवस्था को समाप्त किया जा रहा है। अब उपभोक्ताओं को पहले की तरह हर महीने का बिजली बिल मिलेगा, जिसे निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करना होगा। महीने की 1 तारीख से 30 तारीख तक की खपत का बिल अगले 10 दिनों के भीतर उपभोक्ताओं को एसएमएस या व्हाट्सऐप के माध्यम से भेजा जाएगा।


निर्देशों में यह भी स्पष्ट किया गया है कि किसी भी स्थिति में महीने के भीतर बिजली आपूर्ति बाधित नहीं की जाएगी। इसके अलावा जिन उपभोक्ताओं पर पुराना बकाया है, उन्हें राहत देते हुए 10 आसान किश्तों में भुगतान की सुविधा प्रदान की जाएगी।
सरकार ने यह भी तय किया है कि फिलहाल पुराने मीटरों को स्मार्ट प्रीपेड मीटर से बदलने का कार्य स्थगित रहेगा। हालांकि, जहां स्मार्ट मीटर पहले से लगे हैं, वहां से जुड़ी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे अपना मोबाइल नंबर अपडेट कराएं और बिजली विभाग से आने वाले संदेशों पर ध्यान दें, ताकि बिल और अन्य सूचनाएं समय पर मिल सकें।
गर्मी के मौसम को देखते हुए बिजली आपूर्ति सुचारू बनाए रखने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इस संबंध में शक्ति भवन में बैठक कर विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए हैं।
सरकार ने “उपभोक्ता देवो भव:” के मूल मंत्र के साथ यह स्पष्ट किया है कि उपभोक्ताओं की सुविधा और संतुष्टि सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह कदम “#NayeBharatKaNayaUP” और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

शिक्षक की सड़क हादसे में हुई मौत भाई की हालत नाजुक, लोगों ने जताया दुख दी गई श्रद्धांजली

बरेली। बरेली कॉलेज में राजनीति शास्त्र के शिक्षक मिन्नी यादव की सड़क हादसे में हुई मौत, एडवोकेट इमरान अंसारी के आवास पर तमाम लोगों ने शोकसभा कर जताया दुख ।
मिली जानकारी के अनुसार जौनपुर में डंपर में घुसी कार, शिक्षक की मौत भाई की हालत गंभीर सुजानगंज थाना क्षेत्र के बाहरपुरकला गांव में बुधवार की दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उनके भाई गंभीर रूप से घायल
दोनों सगे भाई रायबरेली स्थित अपने कार्यस्थल जा रहे थे। रास्ते में अचानक ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और उनकी एर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े डंपर में जा घुसी।
हादसा इतना भीषण था कि छोटे भाई मिन्नी यादव (42) पुत्र उमाशंकर यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़े भाई राजेंद्र यादव गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल राजेंद्र यादव को तुरंत पीजीआई लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है
मिन्नी यादव बरेली कॉलेज में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। उनके परिवार में एक 11 वर्षीय बच्चा है।
इस दौरान एडवोकेट इमरान अंसारी, महेश गंगवार, अब्दुल इमरान, अरुण यादव, विशाल यादव, अशोक यादव, मोहम्मद जहीर, हेमंत यादव, असद अंसारी, आफताब आलम, आदि तमाम लोगों ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक मिन्नी यादव सरल, सौम्य और सामाजिक स्वभाव के व्यक्ति थे उनको हमेशा याद रखा जाएगा

बरेली में समाजवादी पार्टी का बड़ा संगठनात्मक बदलाव, शुभलेश यादव बने जिलाध्यक्ष

बरेली। समाजवादी पार्टी ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक अहम निर्णय लेते हुए जनपद बरेली के लिए नए जिलाध्यक्ष की घोषणा कर दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की स्वीकृति से शुभलेश यादव को समाजवादी पार्टी बरेली का जिलाध्यक्ष मनोनीत किया गया है।
जारी पत्र के अनुसार, शुभलेश यादव निवासी 14 बृजवाल नगर फेज-3, सी फूटा रोड, जनपद बरेली के रहने वाले हैं। उनकी नियुक्ति से पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।
यह नियुक्ति प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल के हस्ताक्षर से जारी की गई है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि शुभलेश यादव के अनुभव और संगठनात्मक क्षमता से जिले में पार्टी को मजबूती मिलेगी और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन किया जा सकेगा।
स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने नए जिलाध्यक्ष के मनोनयन का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी है। साथ ही उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में समाजवादी पार्टी बरेली में और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगी।

खनन विभाग के दावों पर सवाल, 160% वसूली के पीछे जमीनी हकीकत क्या?


बरेली। जनपद में खनन विभाग द्वारा 160% राजस्व वसूली का दावा भले ही कागजों पर रिकॉर्ड प्रदर्शन दिखा रहा हो, लेकिन जमीनी स्तर पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। विभाग ने 26 करोड़ के लक्ष्य के मुकाबले 41.39 करोड़ रुपये वसूली की बात कही है, मगर इस उपलब्धि के पीछे अवैध खनन पर वास्तविक नियंत्रण कितना हुआ है, यह जांच का विषय बनता जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, जिले के कई इलाकों में अब भी अवैध खनन और परिवहन का खेल जारी है। लगातार छापेमारी और कार्रवाई के दावों के बावजूद खनन माफिया सक्रिय नजर आ रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्रवाई केवल दिखावे तक सीमित है, जबकि वास्तविक स्तर पर अवैध गतिविधियों को पूरी तरह नहीं रोका जा सका है।
करीब 2.20 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला जाना इस बात का संकेत भी माना जा रहा है कि अवैध खनन बड़े पैमाने पर जारी है। सवाल यह उठता है कि यदि कार्रवाई इतनी सख्त है, तो फिर इतनी बड़ी संख्या में उल्लंघन कैसे सामने आ रहे हैं। वहीं, 60 से अधिक एफआईआर दर्ज होने के बावजूद आरोपियों पर प्रभावी नियंत्रण न होना भी विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह खड़ा करता है।
खनन अधिकारी द्वारा टीम पर हमलों की बात भी सामने आई है, जिससे यह साफ होता है कि जिले में खनन माफियाओं का दबदबा अब भी कायम है। सुरक्षा व्यवस्था और खुफिया तंत्र की कमजोरी भी इस स्थिति के लिए जिम्मेदार मानी जा रही है।
विशेषज्ञों का मानना है कि केवल राजस्व बढ़ाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अवैध खनन को जड़ से समाप्त करना अधिक जरूरी है। अगर विभाग वास्तव में प्रभावी होता, तो इतनी बड़ी संख्या में अवैध मामलों और हमलों की घटनाएं सामने नहीं आतीं।
अब देखना यह होगा कि प्रशासन इन सवालों का जवाब कैसे देता है और क्या भविष्य में केवल आंकड़ों से आगे बढ़कर जमीनी स्तर पर भी सुधार दिखाई देगा या नहीं।

बरेली पीएम सूर्य घर योजना में प्रदेश में टॉप-5 में शामिल


बरेली। जिलाधिकारी अविनाश सिंह के कुशल नेतृत्व एवं निरंतर समीक्षा के परिणामस्वरूप पीएम सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत जनपद बरेली ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान प्राप्त किया है।
यह जानकारी उप जिलाधिकारी एवं पी.ओ. नेडा राम जनम यादव ने दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत जनपद में अब तक कुल 20,076 सोलर पैनल स्थापित किए जा चुके हैं। केवल अप्रैल माह में 839 इंस्टॉलेशन किए गए, जबकि 13 अप्रैल को 88 इंस्टॉलेशन दर्ज किए गए। इसी बेहतर कार्यप्रदर्शन के आधार पर बरेली को प्रदेश में चौथी रैंक हासिल हुई है।
उन्होंने आगे बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए जनपद को 41,163 इंस्टॉलेशन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस योजना का लाभ 1 किलोवाट से 10 किलोवाट तक बिजली उपयोग करने वाले उपभोक्ता प्राप्त कर सकते हैं। इच्छुक लोग अधिकृत वेंडर से संपर्क कर अपने घर या प्रतिष्ठान पर सोलर पैनल लगवा सकते हैं।
 यह योजना न केवल बिजली बिल में कमी लाने में सहायक है, बल्कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देकर पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

पंजाबी सेवा कल्याण समिति का 22वां वैवाहिक परिचय सम्मेलन भव्य रूप से सम्पन्न

बरेली। पंजाबी सेवा कल्याण समिति, बरेली द्वारा आयोजित 22वां पंजाबी वैवाहिक परिचय सम्मेलन श्री हरी मंदिर बारात घर, मॉडल टाउन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे सामाजिक एकता और आपसी समन्वय का सशक्त संदेश प्रसारित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विनोद पगरानी, विशिष्ट अतिथि अनिल कुमार एडवोकेट, समिति अध्यक्ष सतीश लुनियाल, महामंत्री लोकेश कालड़ा, महिला इकाई अध्यक्ष इंदु सेठी एवं सचिव नीलम बत्रा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात महिला इकाई द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि पवन सक्सेना सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। आयोजन में लगभग 260 पंजीकरण प्राप्त हुए, जिनमें से करीब 15 युवक-युवतियों के सफल परिचय एवं संभावित वैवाहिक संबंध बनने की संभावना बनी, जो इस आयोजन की प्रमुख उपलब्धि रही।
मुख्य अतिथि डॉ. विनोद पगरानी ने अपने संबोधन में पंजाबी समाज के संघर्ष, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह समाज कठिन परिस्थितियों में भी अपने परिश्रम और संकल्प के बल पर देश की प्रगति में निरंतर योगदान देता रहा है।
विशिष्ट अतिथि अनिल कुमार एडवोकेट ने बताया कि पिछले 26 वर्षों से इस प्रकार के सम्मेलन का निरंतर आयोजन समाज के लिए अत्यंत सराहनीय पहल है। वहीं पवन सक्सेना ने पंजाबी समाज की राष्ट्रभक्ति, साहस एवं समर्पण भावना को देश की शक्ति बताया।
समिति अध्यक्ष सतीश लुनियाल ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी संबंधों को मजबूत करने के साथ युवाओं को एक सार्थक मंच प्रदान करते हैं। संरक्षकगण ने भी इस प्रकार के आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला इकाई की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। महिला इकाई अध्यक्ष इंदु सेठी ने अतिथियों का पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
अंत में महामंत्री लोकेश कालड़ा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात परिचय सम्मेलन का मुख्य सत्र प्रारंभ हुआ, जो सायं 5 बजे तक संचालित रहा।

ग्राम रोंधी में गंदगी का अंबार, स्कूल के पास नालियां उफान पर — ग्रामीणों में आक्रोश


बरेली। जनपद बरेली के क्यारा ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत रोंधी में इन दिनों गंदगी की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्राम रोंधी के प्राथमिक विद्यालय के पास से गुजरने वाला नाला शुरुआती बारिश में ही उफान पर आ गया है। नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आवागमन में भी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जहां एक ओर स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ-सफाई पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत स्तर पर लापरवाही देखने को मिल रही है।


इतना ही नहीं, गांव में कई हैंडपंप भी खराब पड़े हैं, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। जबकि हर घर जल योजना के तहत हर घर तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन रोंधी में इसके उलट हालात नजर आ रहे हैं।
गंदगी और जलभराव के कारण गांव में मच्छरों और मक्खियों की संख्या बढ़ गई है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था सुधारने, नालियों की नियमित सफाई कराने और खराब हैंडपंपों को ठीक कराने की मांग की है।

शादी में मारपीट का मामला, आरोपी फरार — पुलिस जांच में जुटी


बरेली/सिरौली। थाना सिरौली क्षेत्र के गांव खरगापुर में शादी समारोह के दौरान मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिठौरा रोड निवासी चंद्रपाल आर्य 18 फरवरी 2026 को अपने परिवार सहित खरगापुर में एक रिश्तेदारी की शादी में शामिल होने गए थे। रात करीब 9:30 बजे जब वह कार्यक्रम समाप्त कर घर लौटने की तैयारी कर रहे थे, तभी गांव के ही एक युवक ने उनकी पुत्री के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार किया।
इसका विरोध करने पर आरोपी ने मारपीट शुरू कर दी, जिसमें पीड़िता समेत परिवार के अन्य सदस्य घायल हो गए। मौके पर मौजूद रिश्तेदारों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला, लेकिन आरोपी गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
घटना के तुरंत बाद पीड़ित पक्ष ने डायल 112 पर सूचना दी और थाना सिरौली पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस प्रकरण में वादी पक्ष की ओर से पैरवी रोहित कुमार द्वारा की जा रही है।
👮‍♂️ पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, पीड़ित परिवार ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बरेली में पुलिस महकमे का बड़ा फेरबदल, कई थाना प्रभारियों के तबादले


बरेली जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) द्वारा बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। इस बदलाव के तहत कई थाना प्रभारियों के तबादले किए गए हैं, जिसमें शहर और देहात दोनों क्षेत्रों को ध्यान में रखते हुए रणनीतिक तैनाती की गई है।
इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निरीक्षक धनंजय कुमार पांडेय को सौंपी गई है। उन्हें बारादरी थाना प्रभारी से हटाकर अब शहर के सबसे संवेदनशील और प्रमुख थाना कोतवाली की कमान दी गई है। पांडेय अपने सख्त रवैये और प्रभावी कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं, और बारादरी क्षेत्र में उन्होंने कानून-व्यवस्था को बेहतर बनाए रखा था।
 प्रमुख तबादले इस प्रकार हैं:
धनंजय कुमार पांडेय → बारादरी से कोतवाली प्रभारी
सुरेश चन्द्र गौतम → कोतवाली से इज्जतनगर प्रभारी
विजेन्द्र सिंह → इज्जतनगर से बारादरी प्रभारी
संजय कुमार धीर → क्राइम ब्रांच से कैंट प्रभारी
राजेश कुमार → कैंट से क्राइम ब्रांच (इन्वेस्टिगेशन विंग)
हरेंद्र सिंह → शीशगढ़ से साइबर सेल प्रभारी
जितेन्द्र सिंह → सुभाषनगर से शीशगढ़ प्रभारी
सतीश कुमार → अपराध थाना सुभाषनगर से सुभाषनगर प्रभारी
 अन्य महत्वपूर्ण तैनातियां:
संतोष कुमार सिंह → SOG से किला थाना प्रभारी
मनोज कुमार चतुर्वेदी → SOG में यथावत
बीनू चौधरी → रिजर्व पुलिस लाइन से आंवला प्रभारी
कुंवर बहादुर सिंह → आंवला से साइबर थाना
दिनेश कुमार शर्मा → साइबर थाना से बहेड़ी प्रभारी
पवन कुमार → बहेड़ी से भमोरा प्रभारी
राजेश बाबू मिश्रा → विशारतगंज से बिथरी चैनपुर प्रभारी
चन्द्रप्रकाश शुक्ला → बिथरी चैनपुर से विशारतगंज प्रभारी
⚠️ बहेड़ी में नई चुनौती
बहेड़ी थाना क्षेत्र में हाल के दिनों में गौकशी जैसी संवेदनशील घटनाओं के चलते पुलिस पर दबाव बना हुआ है। ऐसे में अनुभवी अधिकारी दिनेश कुमार शर्मा को यहां की जिम्मेदारी दी गई है। वे अपने शांत स्वभाव और सख्त कार्रवाई के लिए पहचाने जाते हैं।
वहीं, पूर्व बहेड़ी प्रभारी पवन कुमार का भमोरा तबादला प्रशासनिक दृष्टि से डाउनग्रेड माना जा रहा है।
 कानून-व्यवस्था सुधार पर फोकस
पुलिस विभाग के इस बड़े फेरबदल से साफ संकेत मिलता है कि प्रशासन अब संवेदनशील क्षेत्रों में अनुभवी और भरोसेमंद अधिकारियों की तैनाती कर अपराध पर सख्ती से नियंत्रण चाहता है। शहर के मुख्य थानों के साथ-साथ देहात क्षेत्रों में भी संतुलन बनाकर रणनीतिक बदलाव किए गए हैं।

रामगंगा क्षेत्र में अवैध खनन का बड़ा खेल! चौकी इंचार्ज पर मिलीभगत के आरोप, ग्रामीणों में उबाल

बरेली । सुभाष नगर थाना क्षेत्र, रामगंगा (बरेली) रामगंगा चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव रोंधी, मिलक और अंगूरी में इन दिनों अवैध खनन को लेकर हालात गंभीर होते जा रहे हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने चौकी इंचार्ज होराम सिंह पर खनन माफियाओं से मिलीभगत के गंभीर आरोप लगाते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन कराया जा रहा है, जिसमें रोजाना कई ट्रैक्टर सक्रिय रहते हैं। आरोप है कि प्रति ट्रैक्टर लगभग ₹12,000 तक की वसूली की जा रही है, वहीं चौकी इंचार्ज पर प्रतिदिन ₹3000 तक लेने के आरोप भी लगाए जा रहे हैं।
खनन को लेकर क्षेत्र में लगातार तनाव बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, पहले भी खनन विवाद में गोली चलने की घटना हो चुकी है। हाल ही में 29 मार्च की रात को दो पक्षों में फिर से विवाद हुआ, जिसके बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को हिरासत में लेकर धारा 151 के तहत कार्रवाई की
ग्रामीणों का आरोप है कि चौकी इंचार्ज ने अपने बचाव में कार्रवाई करते हुए एक “मुखिया” नामक व्यक्ति को थाने ले जाकर मारपीट की और उस पर दबाव बनाया। साथ ही यह भी कहा जा रहा है कि कुछ स्थानीय लोगों के माध्यम से खनन माफियाओं से संपर्क बनाए रखा जा रहा है।
मिलक गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों में ट्रैक्टरों की आवाजाही रिकॉर्ड होने की बात सामने आई है। यदि इन फुटेज की जांच की जाए, तो अवैध खनन की सच्चाई उजागर हो सकती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पूर्व में तैनात चौकी इंचार्ज के समय इस तरह की घटनाएं नहीं होती थीं। वर्तमान में लगातार हो रहे विवादों और झगड़ों से गांव का माहौल तनावपूर्ण हो गया है। रोंधी गांव के प्रधान के बेटे के साथ भी इस मुद्दे को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है।