Rashtra Jagat Breaking
February 4, 2026

दो कारें जलकर खाक, ऊंची लपटों ने कॉलोनी वासियों में मचाई दहशत

बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र की कैम्फर स्टेट कॉलोनी में सोमवार दोपहर अचानक उस समय हड़कंप मच गया जब दो कारों में भीषण आग लग गई। कॉलोनी के गेट के पास खड़ी कारें कुछ ही देर में जलकर पूरी तरह खाक हो गईं। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देख कॉलोनी वासी सहम गए और घबराकर घरों से बाहर निकल आए।

जानकारी के अनुसार, कारें कॉलोनी की जर्जर और वर्षों से उपेक्षित जमीन पर पेड़ों के नीचे खड़ी थीं। इनमें एक कार साजिद पुत्र जमाल अहमद की थी, जबकि दूसरी कार सोनू पुत्र महेंद्र पाल की बताई जा रही है।

लापरवाही बनी हादसे की वजह?

स्थानीय लोगों का कहना है कि संभवतः किसी ने वहां बीड़ी या सिगरेट पीकर फेंक दी थी, जिससे सूखे पत्तों में आग लग गई और यह आग धीरे-धीरे कारों तक फैल गई।

दमकल विभाग ने पाया आग पर काबू

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक दोनों वाहन पूरी तरह जल चुके थे। गनीमत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।

लापरवाह पार्किंग और उपेक्षित भूमि बनी खतरा

स्थानीय निवासियों ने संबंधित विभागों पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि हैडिल कॉलोनी की खाली जमीन में लंबे समय से वाहन खड़े किए जाते रहे हैं और सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं हैं। अब कॉलोनीवासी इस स्थल पर सुरक्षा घेराबंदी और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग कर रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *