Rashtra Jagat Breaking
March 22, 2026

बरेली

बरेली कोर्ट का रास्ता हुआ वनवे, पहले दिन वकीलों और पुलिस में नोकझोंक


बरेली। कलेक्टर गेट से बरेली कोर्ट जाने वाले मार्ग और शराब गोदाम की ओर जाने वाले रास्ते को अब पूरी तरह वनवे कर दिया गया है। नए ट्रैफिक प्लान के तहत अब कोर्ट आने का रास्ता नेहरू युवा केंद्र की तरफ से और जाने का रास्ता शराब गोदाम की ओर निर्धारित किया गया है।
वनवे व्यवस्था लागू होने के पहले दिन कुछ वकीलों और ट्रैफिक पुलिस के बीच हल्की बहस और विवाद की स्थिति भी देखने को मिली।
बरेली बार एसोसिएशन के सचिव दीपक पांडे ने बताया कि यह निर्णय जिला प्रशासन और जिला न्यायाधीश की स्वीकृति के बाद लिया गया है। उन्होंने कहा कि कोर्ट परिसर के आसपास अक्सर जाम और भीड़ की वजह से वकीलों और वादकारियों को काफी परेशानी होती थी। इसी समस्या को देखते हुए बार एसोसिएशन और अधिवक्ताओं की सहमति से यह नई वनवे व्यवस्था लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि कोर्ट आने के लिए ऑफिसर्स हॉस्टल की तरफ से नेहरू युवा केंद्र की ओर से प्रवेश करना होगा, जबकि लौटने के लिए शराब गोदाम–प्रेम हॉस्पिटल वाली गली से बाहर निकलना होगा।
दीपक पांडे के अनुसार कुछ अधिवक्ताओं को शुरुआत में नई व्यवस्था की जानकारी नहीं थी, लेकिन बार एसोसिएशन लगातार उन्हें जागरूक कर रही है। अब अधिकांश वकील इस नए ट्रैफिक रूट को समझकर संतुष्ट नजर आ रहे हैं।

बरेली रामलीला: राम-हनुमान की पहली भेंट, बाली वध और हनुमान ने जला दी लंका

बरेली। ब्रह्मपुरी में चल रही 166वीं ऐतिहासिक रामलीला में सोमवार को रामायण के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया गया। लीला का प्रारम्भ गुरु व्यास मुनेश्वर जी के भावपूर्ण वर्णन से हुआ, जिसमें उन्होंने बताया कि पक्षिराज जटायु को जलांजलि देने के बाद भगवान श्रीराम और लक्ष्मण सीता की खोज में दक्षिण दिशा की ओर निकल पड़े।
मार्ग में दोनों भाई एक घने वन में पहुँचे, जहाँ उनका सामना राक्षस कबंध से हुआ। कबंध ने उन्हें पम्पा सरोवर जाने और ऋष्यमूक पर्वत पर रहने वाले वानरराज सुग्रीव से मित्रता करने का सुझाव दिया। इसके बाद राम और लक्ष्मण ऋष्यमूक पर्वत पहुँचे, जहाँ उनकी पहली भेंट हनुमान जी से हुई और फिर सुग्रीव से मुलाकात हुई।
सुग्रीव से मित्रता के बाद भगवान श्रीराम ने एक ही बाण से बाली का वध कर सुग्रीव को भयमुक्त कर दिया। बाली के निधन के बाद सुग्रीव किष्किन्धा के राजा बने और अंगद को युवराज बनाया गया। इसके पश्चात सुग्रीव ने असंख्य वानरों को माता सीता की खोज में विभिन्न दिशाओं में भेजा।
इसी क्रम में हनुमान जी समुद्र लांघ कर लंका पहुँचे और अशोक वाटिका में माता सीता का पता लगाया। उन्होंने अशोक वाटिका उजाड़ दी और रावण के पुत्र अक्षय कुमार का वध कर कई राक्षसों का संहार किया। बाद में मेघनाथ ने ब्रह्मास्त्र से उन्हें बंदी बनाकर रावण के दरबार में प्रस्तुत किया, जहाँ दंडस्वरूप उनकी पूँछ में आग लगवा दी गई। परंतु हनुमान जी ने उसी जलती पूँछ से पूरी लंका को अग्नि के हवाले कर दिया और सकुशल लौट आए।
लीला प्रभारी अखिलेश अग्रवाल ने बताया कि आज के मंचन में सेतु बंधन, समुद्र पार करना और अंगद-रावण संवाद की झलक भी दर्शकों को देखने को मिली। उन्होंने बताया कि मंगलवार को लक्ष्मण को शक्ति लगना और कुंभकर्ण वध की लीला का मंचन किया जाएगा।
रामलीला समिति के अध्यक्ष राजू मिश्रा ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों और रामभक्तों का आभार व्यक्त किया।

गैस सिलेंडर की अफवाह में दौड़ते लोग, असलियत में कोई गैस की किल्लत नहीं

राष्ट्र जगत संवाददाता।


बरेली। रसोई गैस न मिलने की अफवाह के चलते मंगलवार को शहर में कई लोग गैस एजेंसी की ओर दौड़ पड़े, लेकिन वहां जाकर उन्हें पता चला कि गैस की कोई कमी नहीं है। बस इतना है कि अब गैस केवल 25 दिन बाद ही बुक की जा सकेगी। इससे पहले की तारीख में बुकिंग करने पर वह रिजेक्ट हो जाएगी।
गैस एजेंसी पर मौजूद ग्राहक दिव्यतोष ने बताया कि उन्हें अफवाह सुनकर गैस की उपलब्धता का पता लगाना था। उन्होंने कहा, “मैंने सुना कि गैस नहीं मिलेगी इसलिए मैं जानकारी लेने आया था। असल में अब गैस 25 दिन बाद ही बुक हो पाएगी, लेकिन गैस की कोई परेशानी नहीं है।” वहीं, ग्राहक के के जैन ने बताया कि वह यह जानने आए थे कि गैस अब कैसे उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा, “मुझे जानकारी मिली कि अब 25 दिन बाद गैस बुक की जा सकेगी, लेकिन गैस की कोई दिक्कत नहीं है।”
गैस एजेंसी के कर्मचारी अनिल कुमार ने बताया कि ग्राहक लगातार यह पूछने आते रहे कि कितने दिन में गैस बुक कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “पहले लोग 8, 10 या 15 दिन में गैस बुक कर लेते थे, अब केवल 25 दिन बाद बुकिंग होगी। लेकिन माल पूरी तरह उपलब्ध है और कोई कमी नहीं है।”
एजेंसी के शक्ति सिंह ने ग्राहकों को धैर्य रखने की सलाह देते हुए कहा कि कंपनी पूरे जोश और व्यवस्था के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा, “गैस की कोई समस्या नहीं है, माल भरपूर है। बस 25 दिन बाद बुकिंग होगी और यदि कोई इससे पहले बुक करता है तो ऑटोमैटिक रिजेक्ट हो जाएगी। ग्राहक घर पर सावधानी बरतें और ध्यान रखें कि गैस का उपयोग सुरक्षित तरीके से हो। हमारी टीम का समर्थन और ग्राहक का सहयोग सब कुछ ठीक कर देगा।”
इस तरह अफवाह के चलते मची भागदौड़ के बीच वास्तविक स्थिति साफ हो गई कि शहर में गैस की कोई कमी नहीं है, केवल बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव किया गया है।

राम वाटिका का उद्घाटन इस माह करेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

राष्ट्र जगत संवाददाता।
बरेली। शहर में विकसित की गई राम वाटिका का उद्घाटन इस माह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा किए जाने की तैयारी चल रही है। प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव मौर्य तथा बीडीए अधिकारी मणिकंदन डे सहित अन्य अधिकारियों ने स्थल का निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने राम वाटिका में चल रहे निर्माण कार्य, सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और आम लोगों की सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, ताकि उद्घाटन कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
नगर आयुक्त संजीव मौर्य ने नगर निगम की टीम को निर्देशित किया कि परिसर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वहीं बीडीए अधिकारी मणिकंदन डे ने बताया कि राम वाटिका को आकर्षक बनाने के लिए विशेष रूप से हरियाली, बैठने की व्यवस्था और अन्य सुविधाओं पर कार्य किया जा रहा है।
अधिकारियों ने कहा कि राम वाटिका के उद्घाटन के बाद यह स्थान शहरवासियों के लिए एक प्रमुख आकर्षण का केंद्र बनेगा और लोगों को एक बेहतर सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर सभी विभागों के साथ समन्वय बनाकर तैयारियां पूरी की जा रही हैं।

फायरिंग व धमकी के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार

राष्ट्र जगत संवाददाता। 

बरेली। थाना सीबीगंज पुलिस ने फायरिंग व जान से मारने की धमकी देने के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार 5 मार्च को सर्वोदय नगर निवासी दीपेश पन्त पुत्र विपिन चन्द पन्त ने तहरीर देकर बताया था कि उनके घर के बाहर दो–तीन अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और फायरिंग की। इस मामले में थाना सीबीगंज में 6 मार्च को मुकदमा बीएनएस के तहत तीन अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना में शामिल तीन आरोपियों की पहचान दीपक यादव, मयंक गुप्ता और अमित कुमार साहू के रूप में की। इसके बाद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 125 व 131 बीएनएस की भी बढ़ोतरी की गई।
मंगलवार को मुखबिर की सूचना पर थाना सीबीगंज पुलिस ने वांछित आरोपी दीपक यादव पुत्र अमर सिंह यादव निवासी सर्वोदय नगर, थाना सीबीगंज को गल्ला गोदाम वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 भी बढ़ाते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार चतुर्वेदी, उपनिरीक्षक वीरेशपाल सिंह, कांस्टेबल जफरयाब अली और कांस्टेबल रवि कुमार शामिल रहे।

सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न और बौद्धों के लिए अलग पर्सनल लॉ की मांग

राष्ट्र जगत संवाददाता।
बरेली। राष्ट्रीय बौद्ध महासभा ने समाज सुधारक सावित्रीबाई फुले को भारत रत्न देने और बौद्ध समुदाय के लिए अलग पर्सनल लॉ (धर्म-संहिता) लागू करने की मांग को लेकर राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन जिलाधिकारी कार्यालय में सौंपा। यह ज्ञापन महासभा के जिला अध्यक्ष सतीश कुमार बौद्ध के नेतृत्व में दिया गया।
ज्ञापन में कहा गया कि सावित्रीबाई फुले ने देश में महिलाओं और वंचित वर्गों को शिक्षा दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया। उन्हें भारत की पहली महिला शिक्षिका और महान समाज सुधारक बताया गया। संगठन का कहना है कि सामाजिक विरोध और कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने शिक्षा और समानता की अलख जगाई, इसलिए उनके योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से नवाजा जाना चाहिए।
महासभा ने बौद्ध समुदाय के लिए अलग पर्सनल लॉ बनाने की भी मांग उठाई। संगठन के पदाधिकारियों का कहना है कि बौद्ध धर्म की अपनी अलग परंपराएं, संस्कार और पूजा-पद्धति हैं, लेकिन अलग कानून न होने की वजह से कई धार्मिक और सामाजिक संस्कार हिंदू कानून के तहत संचालित होते हैं। इसे देखते हुए बौद्धों के लिए अलग धर्म-संहिता बनाए जाने की जरूरत बताई गई।
इसके अलावा ज्ञापन में बिहार स्थित महाबोधि महाविहार का प्रबंधन पूरी तरह बौद्ध समाज को सौंपने की मांग भी की गई। महासभा का कहना है कि यह स्थल भगवान बुद्ध की ज्ञानस्थली है और विश्वभर के बौद्धों की आस्था का केंद्र है, इसलिए इसका संचालन बौद्ध समुदाय के हाथों में होना चाहिए।
संगठन ने पाली भाषा को संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल करने और सावित्रीबाई फुले, महात्मा ज्योतिबा फुले तथा फातिमा शेख के जीवन और संघर्ष को शैक्षिक पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग भी उठाई।
इस दौरान महासभा के कई पदाधिकारी जगदीश बाबू , रणवीर सिंह आदि मौजूद थे।

आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा और कृष्ण कुमार बिश्नोई बंधेंगे विवाह बंधन में, 29 मार्च को बाड़मेर में होगा समारोह


बरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस महकमे से एक सुखद खबर सामने आई है। बरेली में तैनात एसपी साउथ अंशिका वर्मा और संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई जल्द ही विवाह बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों आईपीएस अधिकारियों का विवाह आगामी 29 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर में संपन्न होगा, जो कृष्ण कुमार बिश्नोई का गृह जनपद है।
जानकारी के अनुसार दोनों अधिकारियों की मुलाकात गोरखपुर में तैनाती के दौरान हुई थी। वहीं से दोनों के बीच परिचय बढ़ा और बाद में यह रिश्ता परिवारों तक पहुंच गया। परिवारों की सहमति के बाद दोनों ने विवाह का निर्णय लिया।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने भी विवाह की पुष्टि करते हुए बताया कि फिलहाल औपचारिक रस्में शुरू नहीं हुई हैं। महीने के अंत में संभल में पारिवारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद मुख्य विवाह समारोह बाड़मेर में होगा।
गौरतलब है कि अंशिका वर्मा 2020 बैच की आईपीएस अधिकारी हैं, जबकि कृष्ण कुमार बिश्नोई 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। दोनों के विवाह की खबर से पुलिस महकमे और परिचितों में खुशी का माहौल है।

डॉक्टर की लापरवाही से घायल पिकअप चालक की मौत

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली । थाना फरीदपुर क्षेत्र के गांव करपिया निवासी 30 वर्षीय महेंद्र पाल पुत्र स्वर्गीय लेखराज सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उसे बरेली निजी अस्पताल में भर्ती कराया था इसके बाद परिवार वालों का आरोप है की डॉक्टर और अस्पताल के कर्मचारियों की लापरवाही से युवक की मौत हो गई परिवार वालों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिवार वालों को शांत कराकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा। और
परिजनों ने बताया महेंद्र पाल अपनी पिकअप चलाते थे उसी से परिवार का पालन पोषण करते थे हमेशा की तरह इस बार भी 15 फरवरी को मध्य प्रदेश के शिवपुरी माल लेने जा रहे थे जाते समय रास्ते में ग्वालियर जिला के थाना मोहना क्षेत्र में ट्रक ने पिकअप मैं टक्कर मार दी जिसमें एवरन और महेंद्र पाल दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना प घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने घायलों को ग्वालियर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया और परिवार वालों को सूचना दी परिवार वाले ग्वालियर पहुंचे और महेंद्र पाल एवरन को बरेली ले आए महेंद्र पाल को 17 तारीख को महाजन अस्पताल में भर्ती कराया उसका इलाज आईसीयू में चल रहा था लगभग 8 लाख रुपए खर्च हो गए 28 फरवरी को को डॉक्टर ने छुट्टी कर दी उसके बाद डॉक्टर बोले महेंद्र पाल को कल ले जाना आज मत ले जाओ तुम्हारे मरीज का कोई चार्ज नहीं लगेगा परिवार वाले इस बात को मान गए और 1 मार्च को ले जाना था रात में कंपाउंड या डॉक्टर द्वारा महेंद्र पाल के नाक से नली को निकाला उसके बहुत दर्द हो रहा था उसके बाद उसी स्टाफ ने दूसरी नली डालने लगे तब महेंद्र पाल को कष्ट हो रहा था चीखने लगा तभी डॉक्टर ने महेंद्र पाल के दोनों हाथ दोनों पैर बेड से बांध दिए और जबरदस्ती उनके नाक में नली डाली महेंद्र पाल बुरी तरह सीख रहे थे नली डालने के 5 मिनट बाद महेंद्र पाल ने तड़प तड़प के दम तोड़ दिया परिवार वालों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टर कंपाउंडर की लापरवाही से महेंद्र पाल की मौत हो गई। परिवार वालों ने अस्पताल बालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।

बरेली से मरीजों को जल्द मिलेगी एयर एंबुलेंस की सुविधाः देव मूर्ति

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली आर्थोपैडिक एसोसिएशन की ओर से हुआ दो दिवसीय आर्थोप्लास्टी सिंपोजियम

बरेली। एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में बरेली आर्थोपैडिक एसोसिएशन की ओर से दो दिवसीय 28 फरवरी- एक मार्च तक बरेली रिवीजन आर्थोप्लास्टी सिंपोजियम आयोजित हुआ। इसमें रिवीजन टेक्निक्स पर विमर्श, वीडियो के माध्यम से ऑपरेशन की नई तकनीक की जानकारी, घुटने और कूल्हे की रिवीजन आर्थोप्लास्टी में बुनियादी बातों के साथ ऑपरेशन के महत्वपूर्ण प्वाइंट्स का चरण दर चरण वैज्ञानिक विश्लेषण प्रस्तुत किया गया। देश के चुनिंदा आर्थोपैडिक चिकित्सकों ने आठ सत्रों में अपने अपने विषय की विस्तृत जानकारी दी।
इंडियन आर्थोप्लास्टी एसोसिएशन (आईओए) की थीम सभी हड्डियां और जोड़ सुरक्षित हाथों में और यूपी आर्थोप्लास्टी एसोसिएशन (यूपीओए) की थीम बेहतर देखभाल के लिए परंपरा और प्रौद्योगिकी का समन्वय के अनुसार हुए इस सिंपोजियम के उद्घाटन सत्र में आर्थोपैडिक सर्जन एवं बिथरी चैनपुर के विधायक डा.राघवेंद्र शर्मा ने बढ़ते हादसों पर चिंता जताई और उन्हें रोकने के लिए जागरूकता और सही विधि से उपचार पर जोर दिया। उन्होंने एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज से अपने करियर आरंभ होने करने का ज़िक्र किया और आरंभिक कम संसाधनों से निकल कर आज बड़े ब्रांड में परिवर्तित होने वाले एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज की सफलता के लिए ट्रस्ट चेयरमैन देव मूर्ति को श्रेय दिया। यहां आने को घर आने जैसी खुशी महसूस करने की बात कह कर उन्होंने कहा कि यहां से सभी को सीखना चाहिए। सीमित संसाधनों का सही इस्तेमाल और मुश्किलों में भी पॉजिटिव रह कर काम कर सफलता तक पहुंचना यहां से सीखा जा सकता है। इंडियन आर्थोपैडिक एसोसिएशन के प्रतिनिधि डा.उत्तम गर्ग ने सिंपोजियम की सराहना की और इसे सीखने और सिखाने का बड़ा मंच बताया। एसआरएमएस ट्रस्ट चेयरमैन देव मूर्ति जी ने सिंपोजियम के कांसेप्ट की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी काम की सफलता में रिवीजन सबसे जरूरी हिस्सा होता है। रिवीजन से ही बाधाओं के बारे में जानकारी मिलती है। जो उसी के अनुरूप रणनीति बनाने तय करने में मदद देती है। देव मूर्ति जी ने जल्द ही मरीजों के लिए एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज में एयर एंबुलेंस सेवा आरंभ होने की बात कही। साथ ही मेडिकल कालेज में लेबल वन का ट्रामा सेंटर स्थापित किए जाने की भी घोषणा की। उन्होंने बीमारी के उपचार के साथ ही बीमारी के प्रति जागरुक करने और बीमारी होने से पहले ही उपचार पर जोर दिया। कहा कि ऐसा तभी हो सकता है जब हम अपनी स्किल में लगातार सुधार करें और इंफेक्शन रेट को कम से कम करने का प्रयास करें। यही रिवीजन आर्थोप्लास्टी सिंपोजियम का भी संदेश है। इससे पहले उद्घाटन सत्र में बरेली आर्थोपैडिक एसोसिएशन के प्रेसिडेंट एवं सिंपोजियम के ऑर्गनाइजिंग चेयरमैन डा.संजय गुप्ता ने सिंपोजियम के विषय में सभी को बताया। कहा कि यह सही सर्जिकल फैसले लेने को और बढ़ाएगा। कालेज के प्रिंसिपल एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) डा.एमएस बुटोला ने कॉलेज की उपलब्धियों का जिक्र किया। सिंपोजियम के कोऑर्गनाइजिंग चेयरमैन एवं यूपीओए के वाइस प्रेसिडेंट डा.विनोद पागरानी ने बरेली आर्थोपैडिक एसोसिएशन को ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एसआरएमएस मेडिकल कॉलेज का सहयोग मिलने पर आभार जताया। कार्यक्रम के ऑर्गनाइजिंग सेक्रेटरी डा.ध्रुव गोयल ने सभी का आभार जताया और धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का संचालन डा.राहुल वर्मा ने किया। इस मौके पर मेडिकल सुपरिटेंडेंट डा.आरपी सिंह, डा.आरबी कालिया (ऋषिकेश), डा.एसएस मोहंती, डा.सिद्धार्थ एम शाह, डा.जतिन तलवार, डा.सुजीत के त्रिपाठी, डा.अजीत सिंह, डा.प्रेम गुप्ता, डा.जफर इज्राइल, डा.बीएस मूर्ति, डा.संजय श्रीवास्तव, डा.आर जी शर्मा, डा.जीआर गंगवार, डा.वरुण अग्रवाल, डा.मनोज हीरानी, डा.निकुंज गोयल और अन्य आर्थोपेडिक चिकित्सक मौजूद रहे।

दुकानदार पर बंका से किया ताबड़तोड़ जानलेवा हमला

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली । थाना भमोरा क्षेत्र के कस्बा देवचरा निवासी 60 वर्षीय कुतुबुद्दीन पुत्र रईस उद्दीन पर पड़ोसी ने बंका से से जानलेवा हमला कर दिया परिवार वालों ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
कुतुबुद्दीन ने बताया देवचरा कस्बा में लकड़ी की टाल की दुकान है वहां पर पूरी हिंदू बस्ती है पड़ोस के रहने वाला रामदास बढ़ई जाति का है उसे जलन रहता है कि लकड़ी की दुकान में खोलूंगा इसकी बंद कराई जाए इसी बात को लेकर रामदास कुतुबुद्दीन से जलता था आज सुबह कुतुबुद्दीन अपनी दुकान पर बैठे अखबार पड़ रहे थे इसी दौरान रामदास बंका लेकर आया उसने कुतुबुद्दीन पर ताबड़तोड़ जानलेना हमला कर दिया कुतुबुद्दीन के सिर में हाथ में जगह-जगह गंभीर चोट आई है कुतुबुद्दीन की एक उंगली डैमेज हो गई है परिवार वालों को सूचना मिलते ही परिवार वाले घटनास्थल पहुंचे कुतुबुद्दीन को लेकर थाना भमोरा पहुंचे पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए भमोरा सरकारी अस्पताल भेजा हालत गंभीर होने के कारण वहां से डॉक्टर ने बरेली जिला अस्पताल को रेफर कर दिया कुतुबुद्दीन का इलाज बरेली के जिला अस्पताल में चल रहा है।