Rashtra Jagat Breaking
March 22, 2026

बरेली

भोजीपुरा पुलिस ने शकील को छह माह के लिए जिला बदर

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली। थाना भोजीपुरा पुलिस ने माननीय न्यायालय के आदेश का अनुपालन करते हुए एक अभियुक्त को छह माह के लिए जनपद बरेली की सीमा से बाहर कर दिया। यह कार्रवाई उ.प्र. गुण्डा नियंत्रण अधिनियम की धारा 3(1) के अंतर्गत की गई।
पुलिस के अनुसार, अपर जिला मजिस्ट्रेट (नगर) बरेली द्वारा 17 फरवरी को पारित आदेश के क्रम में 26 फरवरी को थाना भोजीपुरा पुलिस ने अभियुक्त शकील पुत्र मजीद निवासी वार्ड संख्या 5, कस्बा धौरा टांडा, थाना भोजीपुरा, के विरुद्ध जिला बदर की कार्रवाई की। न्यायालय के आदेशानुसार अभियुक्त को छह माह तक जनपद बरेली की सीमा में प्रवेश न करने के निर्देश दिए गए थे।
आदेश के अनुपालन में पुलिस टीम ने शकील को जनपद बरेली की सीमा से बाहर उत्तराखंड सीमा पर छोड़ दिया और सख्त हिदायत दी कि निर्धारित अवधि के भीतर वह जनपद में प्रवेश नहीं करेगा। आदेश का उल्लंघन करने पर कठोर विधिक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार, अभियुक्त के विरुद्ध थाना भोजीपुरा में पूर्व में भी आपराधिक मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार सिंह, उपनिरीक्षक विजयपाल सिंह तथा हेड कांस्टेबल परमानन्द शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आगे भी ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी।

जीवनधारा संस्थान के विशेष बच्चों ने रंगारंग होली मेले में बिखेरे रंग

राष्ट्र जगत संवाददाता। 

बरेली। जीवनधारा पुनर्वास एवं शोध संस्थान की द्वितीय शाखा, आंकाक्षा इन्कलेव, डेलापीर, पीलीभीत रोड स्थित परिसर में विशेष बच्चों द्वारा रंगारंग “होली मेले” का आयोजन किया गया। मेले में बच्चों ने न केवल उत्साहपूर्वक होली खेली, बल्कि अपने हुनर और व्यावसायिक कौशल का भी शानदार प्रदर्शन किया।
मेले में संस्थान के विशेष बच्चों द्वारा विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थ तैयार किए गए। इनमें चिप्स, पापड़, कचरी, नींबू, मिर्च, कटहल और मिक्स वेज का अचार, मैदा व बेसन से बने व्यंजन प्रमुख रहे। इसके साथ ही बच्चों ने टाई-एंड-डाई तकनीक से रंग-बिरंगे दुपट्टे तैयार किए तथा जूट से बने आकर्षक सजावटी और उपयोगी सामान भी प्रदर्शित किए। मेले में फन गेम्स, गोलगप्पे और पॉपकॉर्न का भी आनंद लिया गया, जिससे पूरा वातावरण उत्साह और उमंग से भर उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के अध्यक्ष प्रोफेसर डॉ. अमिताव मिश्रा, निदेशिका शाश्वती नंदा एवं विशेष बच्चों द्वारा संयुक्त रूप से फीता काटकर किया गया। इस अवसर पर संस्थान के विशेष बच्चे, उनके अभिभावक, शिक्षक एवं कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
निदेशिका शाश्वती नंदा ने बताया कि ऐसे आयोजनों का मुख्य उद्देश्य दिव्यांग बच्चों में व्यावसायिक एवं दैनिक जीवन कौशलों का विकास करना है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के माध्यम से बच्चों को खाद्य पदार्थ बनाना, खरीद-फरोख्त की प्रक्रिया समझना और समाज की मुख्यधारा से जुड़ना सिखाया जाता है।
संस्थान के अध्यक्ष प्रो. डॉ. अमिताव मिश्रा ने बच्चों द्वारा बनाए गए उत्पादों की सराहना करते हुए विशेष शिक्षकों सोनल भाटिया, हेमा चौहान, रूखसार खान, ममता दिवाकर, सोनम पांडेय, भार्गवी वत्स, नाजिया इरफान, फारिया खानम, काजल यादव, अनुज प्रताप सिंह तथा प्रशासक हर्ष चौहान, समन्वयक सिकन कुमार सामन्तराय, अभिनव कुमार और अर्शी मिर्जा की मेहनत की प्रशंसा की।
इस अवसर पर डिप्लोमा विशेष शिक्षा (आईडीडी एवं एचआई) के छात्र-छात्राओं एवं अन्य गणमान्य लोगों ने भी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। मेले ने बच्चों के आत्मविश्वास और रचनात्मकता को नई उड़ान दी।

बरेली बार एसोसिएशन में धूमधाम से मनाया गया होली मिलन समारोह

राष्ट्र जगत संवाददाता।
बरेली ।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बरेली बार एसोसिएशन के प्रांगण में होली मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिवक्ता समुदाय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में जिला जज प्रदीप कुमार सिंह, पोक्सो-3 के देवाशीष पांडे, एडीजे-3  अभय कुमार श्रीवास्तव, एडीजे-9 एवं मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुरेश कुमार दुबे, एससीजेएम-5 सुमित, तथा एफटीसी फर्स्ट के श्री सुब्रत पाठक सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में अधिवक्ता साथियों ने भाग लिया और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम में बार एसोसिएशन के अध्यक्ष  मनोज कुमार हरित, सचिव  दीपक पांडे, धर्मवीर सिंह, शांतनु मिश्रा, रजत मोहन सहित अनेक वरिष्ठ एवं युवा अधिवक्ता मौजूद रहे।
होली मिलन समारोह सौहार्द, भाईचारे और आपसी एकता का प्रतीक बना। उपस्थित जनों ने न्यायिक गरिमा के साथ उत्सव का आनंद लिया और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

संस्कार भारती बरेली द्वारा रंगारंग कार्यक्रम आयोजित

राष्ट्र जगत संवाददाता।


अखिल भारतीय साहित्य एवं ललित कलाओं को समर्पित संस्था संस्कार भारती बरेली द्वारां मिनी बाई पास स्थित उमेश चंद गुप्ता के निवास स्थान पर रंगारंग गीत, संगीत, नाट्य एवं काव्य के कार्यक्रम आयोजित किये गये।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय कवि आचार्य देवेंद्र देव एवं अध्यक्ष हिमांशु श्रोतीय निष्पक्ष थे। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों द्वारा नृत्य एवं गायन की प्रस्तुतियां दी गईं।
पप्पू वर्मा द्वारा अंधा युग नाटक की भावपूर्ण प्रस्तुति दी गई, तथा आचार्य देवेंद्र देव,ऋषि कुमार शर्मा च्यवन, हिमांशु श्रोत्रीय निष्पक्ष, उपमेंद्र सक्सेना, कुलदीप वर्मा, राजकुमार सक्सेना, प्रदीप रावत, डॉ मुकेश मीत आदि कवियों द्वारा अपनी-अपनी काव्य की प्रस्तुतियों से उपस्थित श्रोताओं को मंत्र मुग्ध कर दिया गया।
कार्यक्रम का सुंदर एवं सफल संचालन डॉक्टर मुकेश मीत द्वारा किया गया।

ऋषि कुमार शर्मा च्यवन

बरेली में ब्लड डिसऑर्डर और बोन मैरो ट्रांसप्लांट ओपीडी सेवाएं शुरू

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली । मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, वैशाली ने बरेली के प्रताप हॉस्पिटल, बरेली में ब्लड डिसऑर्डर और बोन मैरो ट्रांसप्लांट (BMT) के लिए समर्पित ओपीडी सेवाओं की शुरुआत की है। इस पहल से बरेली और आसपास के मरीजों को अब विशेषज्ञ परामर्श के लिए महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
ओपीडी सेवाओं का शुभारंभ हेमेटोलॉजी एवं बोन मैरो ट्रांसप्लांट विभाग के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. प्रदीप कुमार की उपस्थिति में किया गया। डॉ. प्रदीप कुमार प्रत्येक माह के चौथे बुधवार को दोपहर 12 से 2 बजे तक प्रताप हॉस्पिटल में मरीजों को परामर्श और फॉलो-अप के लिए उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने बताया कि ल्यूकेमिया, लिंफोमा और मायलोमा जैसे ब्लड कैंसर की समय पर पहचान अत्यंत जरूरी है। लगातार थकान, बिना कारण बुखार या असामान्य ब्लड रिपोर्ट जैसे लक्षणों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इम्यूनोथेरेपी, CAR T-सेल थेरेपी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी आधुनिक उपचार पद्धतियों से मरीजों के बेहतर परिणाम सामने आ रहे हैं।
इस पहल से क्षेत्रीय मरीजों को समय और खर्च दोनों में राहत मिलेगी तथा उन्हें गुणवत्तापूर्ण और विशेषज्ञ उपचार स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेगा।

हाफिजगंज थाना पुलिस ने 5 पेटी देशी शराब के साथ दो तस्कर दबोचे

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली। हाफिजगंज थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 5 पेटी विंडिज मजेदार देशी शराब मसाला बरामद की है। पुलिस ने एक मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार 24 फरवरी 2026 की रात उपनिरीक्षक नितेश चौधरी ने हमराह कांस्टेबल अक्षय और आकाशदीप के साथ चेकिंग के दौरान पूरनलाल पुत्र गोपाल देव निवासी ग्राम नवदिया बमनपुरी को तीन पेटी (132 पौव्वे) देशी शराब और मोटरसाइकिल संख्या UP25BX1758 के साथ गिरफ्तार किया। उसके विरुद्ध आबकारी अधिनियम व 207 एमवी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी क्रम में उपनिरीक्षक सतेन्द्र कुमार ने कांस्टेबल मोहित कुमार के साथ रामपाल पुत्र रामस्वरूप निवासी नवदिया बमनपुरी को दो पेटी (88 पौव्वे) देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आबकारी अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खर्च चलाने के लिए शराब बेचने की बात स्वीकार की है। प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सोलंकी के नेतृत्व में टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

थाना परिसर में डिलीवरी बॉय का आत्मदाह का प्रयास, हालत गंभीर

राष्ट्र जगत संवाददाता।
बरेली। शहर के बारादरी थाना परिसर में मंगलवार देर रात एक डिलीवरी बॉय द्वारा आत्मदाह का प्रयास किए जाने से हड़कंप मच गया। युवक ने थाना गेट पर अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई और गंभीर रूप से झुलसे युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत निवासी 32 वर्षीय अक्षय कुमार कश्यप पुत्र देवकी नंदन शहर में कोतवाली क्षेत्र के पीछे किराए के मकान में रहकर डिलीवरी का काम करता है। बताया जा रहा है कि सोमवार रात गंगापुर क्षेत्र में डिलीवरी के दौरान उसकी बाइक एक दुकान के बाहर खड़ी थी। आरोप है कि संजय नगर निवासी विकास सागर बाइक लेकर भागने लगा और इस दौरान एक युवक को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस बाइक को अपने कब्जे में लेकर थाने ले आई थी।
अक्षय का कहना है कि वह कई दिनों से अपनी बाइक लेने के लिए थाने के चक्कर लगा रहा था, लेकिन वाहन वापस नहीं मिला। बाइक न मिलने से उसका काम प्रभावित हो रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। इसी तनाव में उसने यह कदम उठाया।
बारादरी थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने बताया कि बाइक थाने में सुरक्षित खड़ी है। मामले में शिकायत आने की स्थिति में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मुस्लिम युवकों के साथ मारपीट एआईएमआईएम ने एडीजी से की शिकायत

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली। बदायूं जिले के इस्लामनगर थाना क्षेत्र में तीन मुस्लिम युवको के साथ कथित मारपीट और अभद्रता के मामले को लेकर एआईएमआईएम पदाधिकारियों ने एडीजी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई और आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
एआईएमआईएम के प्रदेश महासचिव नदीम कुरैशी और जिला अध्यक्ष मोहम्मद असलम के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में बताया गया कि 15 फरवरी को लगभग दो बजे आरिफ, जावेद और अब्दुल सलाम निवासी कस्बा रुदायन, सहसवान जनपद बदायूं मुख्य रास्ते से गुजर रहे थे। आरोप है कि तभी पीछे से आए अक्षय उर्फ छोटू नामक युवक ने उन्हें मुस्लिम पहचान के आधार पर रोककर मारपीट की, गाली-गलौज की तथा धार्मिक टिप्पणी करते हुए टोपी उतारने को कहा।
ज्ञापन में कहा गया कि घटना से समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में वैमनस्य फैलाने की कोशिश की गई है। प्रतिनिधिमंडल ने एडीजी से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। एडीजी ने ज्ञापन प्राप्त कर मामले की जांच का आश्वासन दिया है। शिकायत करने बालों में नसीम खान, अमजद खान, यूसुफ अली , गुड्डू अल्वी , इरफान खान , अशरफ खान , नदीम मंसूरी , अनवर चौधरी , तौसीफ खान , अल्ताफ अंसारी आदि मौजूद रहे।

संत गाडगे जी महाराज की 150वीं जयंती पर भाजपा कार्यालय में हुआ कार्यक्रम

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली। भाजपा कार्यालय सिविल लाइंस में आज संत गाडगे जी महाराज की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा महानगर बरेली द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार रहे। उन्होंने संत गाडगे जी महाराज के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वच्छता पर उनके विचार सदियों तक समाज का मार्गदर्शन करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि गाडगे जी ने समाज को शिक्षा के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया और कई पाठशालाओं, छात्रावासों तथा धर्मशालाओं का निर्माण करवाया।
भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने कहा कि संत गाडगे पूरे भारतवर्ष के पूजनीय संत हैं। मुख्य वक्ता मनोज थपलियाल ने संत के संघर्षपूर्ण जीवन का उल्लेख करते हुए उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि संत गाडगे अपने संदेश लोगों तक कीर्तन के माध्यम से पहुंचाते थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अनुसूचित मोर्चा महानगर अध्यक्ष योगेश वाल्मीकि ने की तथा संचालन महामंत्री विकास पासवान ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता हरीश बाबू वाल्मीकि, दीपक सोनकर, आकाश पुष्कर, शिशुपाल कठेरिया, हरबंस सिंह, छत्रपाल दिवाकर, अजय, विशाल सिंह “बिंदु”, रामनिवास आर्य, सुनील भारत, संजय वाल्मीकि, मुकेश पासवान सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

28 फरवरी को बरेली में होगी बजरंग दल की प्रांत बैठक

राष्ट्र जगत संवाददाता।

बरेली। बजरंग दल की प्रांत बैठक आगामी 28 फरवरी को बरेली में आयोजित की जाएगी, जिसमें पूरे प्रांत से कार्यकर्ता भाग लेंगे। बैठक की तैयारियों के सिलसिले में विश्व हिंदू परिषद कार्यालय श्रीकृष्ण लीला स्थल पर महानगर स्तर की बैठक आयोजित की गई।
विभाग संयोजक नीरज चौरसिया ने बताया कि प्रांत बैठक में क्षेत्र संगठन मंत्री मुकेश खांडेकर, क्षेत्र संयोजक अनुज वालिया, प्रांत संगठन मंत्री राजेश कुमार सहित विभिन्न प्रांतों के पदाधिकारी शामिल होंगे। मुख्य बैठक केशव कृपा संघ कार्यालय में सम्पन्न होगी।
इस अवसर पर महानगर मंत्री संजय शुक्ला, महानगर संयोजक केवलानंद गौड़, निखिल गंगवार, भगवान दास, राजकुमार राजपूत समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।