राष्ट्र जगत संवाददाता।
बरेली। रसोई गैस न मिलने की अफवाह के चलते मंगलवार को शहर में कई लोग गैस एजेंसी की ओर दौड़ पड़े, लेकिन वहां जाकर उन्हें पता चला कि गैस की कोई कमी नहीं है। बस इतना है कि अब गैस केवल 25 दिन बाद ही बुक की जा सकेगी। इससे पहले की तारीख में बुकिंग करने पर वह रिजेक्ट हो जाएगी।
गैस एजेंसी पर मौजूद ग्राहक दिव्यतोष ने बताया कि उन्हें अफवाह सुनकर गैस की उपलब्धता का पता लगाना था। उन्होंने कहा, “मैंने सुना कि गैस नहीं मिलेगी इसलिए मैं जानकारी लेने आया था। असल में अब गैस 25 दिन बाद ही बुक हो पाएगी, लेकिन गैस की कोई परेशानी नहीं है।” वहीं, ग्राहक के के जैन ने बताया कि वह यह जानने आए थे कि गैस अब कैसे उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा, “मुझे जानकारी मिली कि अब 25 दिन बाद गैस बुक की जा सकेगी, लेकिन गैस की कोई दिक्कत नहीं है।”
गैस एजेंसी के कर्मचारी अनिल कुमार ने बताया कि ग्राहक लगातार यह पूछने आते रहे कि कितने दिन में गैस बुक कर सकते हैं। उन्होंने कहा, “पहले लोग 8, 10 या 15 दिन में गैस बुक कर लेते थे, अब केवल 25 दिन बाद बुकिंग होगी। लेकिन माल पूरी तरह उपलब्ध है और कोई कमी नहीं है।”
एजेंसी के शक्ति सिंह ने ग्राहकों को धैर्य रखने की सलाह देते हुए कहा कि कंपनी पूरे जोश और व्यवस्था के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा, “गैस की कोई समस्या नहीं है, माल भरपूर है। बस 25 दिन बाद बुकिंग होगी और यदि कोई इससे पहले बुक करता है तो ऑटोमैटिक रिजेक्ट हो जाएगी। ग्राहक घर पर सावधानी बरतें और ध्यान रखें कि गैस का उपयोग सुरक्षित तरीके से हो। हमारी टीम का समर्थन और ग्राहक का सहयोग सब कुछ ठीक कर देगा।”
इस तरह अफवाह के चलते मची भागदौड़ के बीच वास्तविक स्थिति साफ हो गई कि शहर में गैस की कोई कमी नहीं है, केवल बुकिंग प्रक्रिया में बदलाव किया गया है।
