Rashtra Jagat Breaking
February 4, 2026

इनर व्हील क्लब में रैली निकालकर किया जागरूक

राष्ट्र जगत संवाददाता

इनर व्हील क्लब की एसोसिएट प्रेसिडेंट ज्योति महिपाल की ओर से नारी सुरक्षा सम्मान स्वालंबन व महिला हिंसा को रोकने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत इनर व्हील क्लब बरेली नई उमंग ने व अन्य क्लब की ओर से रैली निकाली गई डीडी पुरम स्थित शहीद चौक डी डी पूरम से निकाली गई। जिसमें महिलाओं का शोषण व उनकी सुरक्षा पर सभी क्लब पोस्टर व स्लोगन बना के लाए।रैली में क्लब की जिला अध्यक्ष डॉ. सुरुचि सक्सेना और डिस्टिक सेक्रेट्री डॉ.नीलू मिश्रा सी जी आर सुधा त्यागी जी अध्यक्ष कंचन रावत सचिव ज्योति अग्रवाल व अन्य सदस्य शामिल रहे l

डोडा छिलका तस्करी के दो आरोपी गिरफ्तार, 20.80 किलो मादक पदार्थ बरामद

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 5 लाख रुपये

बरेली। थाना बारादरी पुलिस ने मादक पदार्थ तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर तस्करों को 20.80 किलोग्राम डोडा छिलका व एक मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली है।जानकारी के अनुसार 15 नवंबर की देर रात प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में उप निरीक्षक कुशलपाल सिंह, उनि जावेद अख्तर सहित टीम बीसलपुर चौराहे के पास गश्त पर थी। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि दिव्यानी लोन कार्यालय के पास दो युवक संदिग्ध मादक पदार्थ लेकर सप्लाई के लिए जा रहे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को मौके से दबोच लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वीरपाल पुत्र तिलकराम (34) निवासी तुमड़िया, थाना फरीदपुर और वीरेन्द्र सिंह पुत्र रामपाल सिंह (21) निवासी गोविन्दपुर, थाना फरीदपुर के रूप में हुई है। तलाशी में इनके पास से 20.80 किलो डोडा छिलका बरामद हुआ जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल UP25DS3816 भी सीज की गई।
पूछताछ में खुलासा आरोपियों ने बताया कि वे कम पढ़े-लिखे हैं और खेती-किसानी का काम करते हैं। ज्यादा पैसे कमाने के लालच में पहली बार इस काम में जुड़े थे। बरामद माल वीरपाल का है, जिसे उसने बदायूं के बजीरगंज क्षेत्र के कुछ किसानों से खरीदा। दोनों आरोपी बरखेडा-पीलीभीत क्षेत्र में एक ढाबे पर यह मादक पदार्थ सप्लाई करने जा रहे थे। खरीदार की जानकारी जुटाने के लिए पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते हुए उन्हें अदालत के समक्ष पेश किया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में
प्रभारी निरीक्षक धनंजय कुमार पाण्डेय, उनि कुशलपाल सिंह, उनि जावेद अख्तर, हेका विनीत कुमार सिंह, हेका लोकेन्द्र सिंह, कांस्टेबल जयविन्द कश्यप , आदित्य कुमार थे।

एक करोड़ के गांजे सहित दो तस्कर गिरफ्तार, मुख्य आरोपी फरार


बरेली। भमोरा पुलिस ने उड़ीसा से दिल्ली भेजे जा रहे अवैध गांजा तस्करी के अंतरराज्यीय नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 153.69 किलो गांजा, एक ट्रक और एक मोबाइल बरामद किया है। पकड़े गए दोनों तस्कर रामपुर जिले के रहने वाले हैं, जबकि इस नेटवर्क के दो मुख्य संचालक राकेश यादव और फरमान पुलिस पकड़ से बाहर हैं। बरामद किए गए गांजे की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है।
एसपी साउथ अंशिका वर्मा ने शनिवार को खुलासा करते हुए बताया कि शुक्रवार रात भमोरा पुलिस की टीम रम्पुरा–विशारतगंज रोड पर वाहन चेकिंग कर रही थी। तभी रम्पुरा तिराहे की ओर से एक ट्रक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर ड्राइवर और हेल्पर हड़बड़ा गए और ट्रक सड़क किनारे रोककर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर दोनों को मौके पर ही पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी आलम उर्फ अकरम (22) और इस्लाम खां (55) के कब्जे से भारी मात्रा में गांजा और मोबाइल बरामद हुआ। पुलिस ने ट्रक को भी सीज कर दिया। बरामदगी के आधार पर थाना भमोरा में मुकदमा दर्ज हुआ है।
पूछताछ में दोनों आरोपी टूट गए। उन्होंने बताया कि वे करीब एक महीने से फरमान के ट्रक पर काम कर रहे थे। राकेश यादव और फरमान ने 40 हजार रुपये में उड़ीसा से बिसौली (आस्कपुर स्टेशन) तक गांजा पहुंचाने की डील की थी। वहां से माल दिल्ली भेजा जाना था। आरोपियों ने बताया कि हाईवे पर सख्त चेकिंग देखकर वे लोकल रोड से ट्रक लेकर निकल रहे थे, तभी भमोरा पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। दोनों ने कबूल किया कि पैसों के लालच में तस्करी के इस जाल में फंस गए। पुलिस राकेश यादव (दिल्ली निवासी) और फरमान (रामपुर) की तलाश में जुट गई है। दोनों के मोबाइल नंबर सर्विलांस पर लगाए गए हैं।

कर्मचारियों से दान लेकर काले धन को सफेद करने का एसआरएमएस ट्रस्ट पर आरोप


पीएमओ में शिकायत और एचआर मैनेजर के सनसनीखेज खुलासे के बाद सीएमओ ने जारी किया नोटिस~
बरेली। यूपी के नामचीन एसआरएमएस ट्रस्ट पर भ्रष्टाचार, ब्लैकमनी, कर्मचारियों के शोषण और मनमानी के गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले की शिकायत पीएमओ में की गई। पीएमओ के आदेश पर स्वास्थ्य विभाग ने जांच शुरू कर दी है। एसआरएमएस ट्रस्ट को नोटिस जारी किया गया है। संस्थान के पूर्व एचआर मैनेजर आशीष ने एक वीडियो जारी कर अंदरूनी घोटालों का खुलासा कर सनसनी फैला दी है। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद एसआरएमएस ट्रस्ट से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक हड़कंप मच गया है।
आशीष ने वीडियो में दावा किया कि संस्थान में हर महीने करीब 4,500 कर्मचारियों को सैलरी कैश में दी जाती है, जबकि उनसे जबरन चेक पर साइन कराए जाते हैं। इन चेकों में लिखा होता है कि कर्मचारियों ने अपनी सैलरी ट्रस्ट को दान में दी है। असल में यह तरीका ब्लैकमनी को व्हाइट करने का संगठित सिंडीकेट है। आशीष ने कहा कि एमबीबीएस कोर्स की फीस भी दो हिस्सों में ली जाती है, आधी ऑनलाइन और आधी कैश में।
आशीष ने वीडियो में बताया कि तीन महीने पहले चेयरमैन देवमूर्ति ने उन्हें बुलाकर कर्मचारियों की छंटनी योजना सौंपी थी। इसके बाद मेडिकल जांच के नाम पर 350 कर्मचारियों जिनमें नर्स, क्लर्क, गार्ड को मेडिकल अनफिट बताकर बाहर का रास्ता दिखा दिया गया। निकाले गए कर्मचारियों में से एक नर्स ने प्रधानमंत्री कार्यालय को शिकायत भेजी। पीएमओ ने संस्थान से रिपोर्ट मांगी, लेकिन कोई जवाब नहीं दिया गया। कुछ ही दिनों बाद आशीष को पद से हटा दिया गया।
वीडियो में आशीष ने बताया कि संस्थान में सीनियर कर्मचारियों को हटाकर मनमाने तरीके से वसूली की जाती है। एक कर्मचारी को 22 साल की सेवा के बाद सिर्फ इसलिए निकाल दिया गया क्योंकि उसकी सैलरी ज्यादा थी। आशीष ने यह भी बताया कि नर्सों से एएलएस-बीएलएस ट्रेनिंग फीस के नाम पर दोहरी वसूली की जाती है, जिसका कोई रिकॉर्ड नहीं रखा जाता। यहां तक कि कर्मचारियों का पीएफ तक नहीं काटा जाता।
आशीष ने यह भी आरोप लगाया कि संस्थान के खिलाफ कार्रवाई रोकने के लिए अफसरों और अधिकारियों को महंगे गिफ्ट और सुविधाएं दी जाती हैं। यही वजह है कि इतने बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार होने के बावजूद कोई जांच नहीं होती। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग लगातार संस्थान के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आशीष ने मौजूदा एचआर मैनेजर अजीत पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि अजीत के पास एचआर की फर्जी डिग्री है और उन्हें एचआर के बुनियादी नियमों का ज्ञान तक नहीं है, लेकिन अंदरखाने की मिलीभगत के चलते उन्हें ऊंचे पद पर बैठा रखा गया है।
वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले का संज्ञान लिया। सीएमओ ने एसआरएमएस ट्रस्ट को नोटिस जारी कर सात दिन में स्पष्टीकरण मांगा है। वहीं,जिलाधिकारी कार्यालय ने भी रिपोर्ट तलब की है।

जेवर-नकदी बांट रहे चोर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, दो के पैर में लगी गोली


बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में शनिवार तड़के पुलिस और चोरों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस पर फायरिंग करने वाले दो शातिर चोरों के पैरों में गोली लगी, जबकि एक नाबालिग साथी को पुलिस ने दबोच लिया। पुलिस ने मौके से चोरी के जेवर, नकदी, स्मार्टवॉच और अवैध असलहे बरामद किए हैं। घायल बदमाशों को अस्पताल भेजा गया है और नाबालिग से पूछताछ की जा रही है।
दरअसल, 30 अक्टूबर को ग्रीनवैली कॉलोनी निवासी भोजराज सिंह के घर में चोरों ने धावा बोलकर जेवर और नकदी पर हाथ साफ किया था। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कई टीमों को सुराग लगाने में लगाया था। शनिवार तड़के पुलिस को सूचना मिली कि फतेहपुर से इटौवा जाने वाले रास्ते पर कुछ चोर चोरी के माल का बंटवारा कर रहे हैं।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंशुल सक्सेना निवासी शांति विहार और कुलदीप यादव निवासी रविंदर नगर के पैरों में गोली लगी। दोनों को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक नाबालिग साथी को भी पकड़ा गया।
तलाशी में बदमाशों के पास से दो तमंचे, कई कारतूस, चांदी की पाजेब, चांदी का कमरबंद, दो स्मार्टवॉच और करीब 1270 रुपये नकद बरामद हुए। दोनों बदमाशों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है, ये कई थानों में चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट जैसे मामलों में वांछित रहे हैं।
पुलिस ने बताया कि फरार एक अन्य साथी की तलाश की जा रही है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मुठभेड़ में थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार, दरोगा होराम सिंह, अशोक कुमार, पवन कुमार, रविंद्र, अमित कुमार, कपिल वर्मा, अंकित नागर, अर्जुन, विनीत कुमार और लखमी चंद शामिल रहे।

बसपा नेता तौफीक प्रधान ने समझा गोताखोरों का दर्द

राष्ट्र जगत समाचार पत्र

गंगा घाटों पर तैनात गोताखोरों को प्रशासन द्वारा सम्मान दिलाये जाने की उठाई मांग

बरेली। कार्तिक पुर्णिमा को होने वाले गंगा स्नान को लेकर जहाँ प्रशाशनिक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं तो ऐसे में बसपा नेता तौफीक प्रधान ने भी रामगंगा घाट पर जाकर गोताखोरों और सफाई कर्मियों की मेहनत को सराहा और बेहतर आयोजन के लिए उनको बधाई भी दी। इस मौके पर बसपा के वरिष्ठ नेता तौफीक प्रधान द्वारा प्रशाशन से मांग भी उठाई गई की जो गोताखोर और सफाई कर्मी दिन रात गंगा घाटों की सफाई कर रहा है उसके मान सम्मान का प्रशाशन को ध्यान देना चाहिए और उनकी मेहनत का उचित पारितोषिक भी इनको मिलना चाहिए।
इसी के साथ बसपा नेता तौफीक प्रधान ने मुख्यमंत्री योगी और प्रदेश के अधिकारीयों से भी मांग की कछला कोला घाट, ककोड़ा, ढाई घाट, रामगंगा घाट के साथ प्रदेश के अन्य गंगा घाटों पर जो गोताखोर और सफाई कर्मचारी लोगों की सेवा में मुस्तैदी से तैनात हैं सरकार उनके मान सम्मान का ध्यान रखते हुए उनके साथ उचित व्यवहार करे और इनको सुविधाएं भी मुहैया कराये। इसी के साथ गंगा घाटों पर जो गोताखोर दिन रात लोगों की जान बचाने का काम कर रहे हैं उनको चिन्हित कर उनको एक प्रशसनिक कार्ड भी उपलब्ध कराये जिससे उनका मान सम्मान भी बना रहेगा।
गंगा स्नान के पर्व पर बसपा नेता तौफीक प्रधान ने अपने कार्यकर्ताओं से साथ लोगों की दिक्कतों को समझा तो साथ ही उनके लिए दिन रात खुद को समर्पित भी बताया। इसी के साथ घाट पर मौजूद लोगों के साथ उन्होंने गंगा स्नान में शामिल होने आ रहे सभी भक्तों को पर्व की हार्दिक शुभकामनायें भी दीं।

मुड़िया अहमद नगर, में वित्तीय अनियमितताओं का मामला उजागर

राष्ट्र जगत संवाददाता।

संतोषी माता मंदिर एवं मेला महाशिवरात्रि महोत्सव समिति, बरेली, 02 नवंबर 2025:
संतोषी माता मंदिर एवं मेला महाशिवरात्रि महोत्सव समिति, मुड़िया अहमद नगर तहसील व जिला बरेली (पंजीकरण संख्या बी-30125) में वित्तीय अनियमितताओं और लोकनीति के विपरीत कार्य किए जाने का मामला सामने आया है।

प्रार्थीगण विजयपाल आदि की शिकायत पर सहायक रजिस्ट्रार, फर्म्स, सोसायटीज एवं चिट्स, बरेली ने जांच प्रारंभ की थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि समिति के अध्यक्ष द्वारा समिति के उद्देश्यों के विपरीत कार्य करते हुए व्यक्तिगत लाभ अर्जित किया जा रहा है।

ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार समिति ने पिछले दो वित्तीय वर्षों की बैलेंस शीट एवं आय-व्यय लेखा तैयार किए, लेकिन जांच के दौरान यह पाया गया कि समिति द्वारा प्रस्तुत बैलेंस शीट और समाज कार्यालय में दी गई प्रतिलिपि के आंकड़ों में अंतर है। इससे स्पष्ट होता है कि समिति दो खाताबही (Two Books of Accounts) संचालित कर रही है।

रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि समिति के लेखांकन रिकॉर्ड Societies Registration Act, 1860 में निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं हैं। आवश्यक दस्तावेज़ और सूचनाएं ऑडिट टीम को संतोषजनक रूप से उपलब्ध नहीं कराई गईं।

ऑडिट रिपोर्ट में यह स्पष्ट किया गया है कि समिति के अध्यक्ष द्वारा संगठन के उद्देश्यों के विरुद्ध कार्य किया गया है तथा लोकहित की आड़ में स्वहित साधने का प्रयास किया गया है।

रिपोर्ट के आधार पर यह अनुशंसा की गई है कि संतोषी माता मंदिर एवं मेला महाशिवरात्रि महोत्सव समिति (बी-30125) का पंजीकरण निरस्त (Deregistration) किया जाए तथा मंदिर व मेले की संपत्ति को समाज एवं आम जनता के हित में मुक्त किया जाए।

इस संबंध में सभी दस्तावेज़, ऑडिट रिपोर्ट और नोटिस की प्रतिलिपियां रजिस्ट्रार कार्यालय को भेज दी गई हैं।

बारादरी पुलिस को मिली बड़ी सफलता, चार करोड़ की मार्फिन के साथ एक गिरफ्तार, दूसरा फरार


बरेली। अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त एक शातिर तस्कर बारादरी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार किलो 186 ग्राम अवैध मार्फिन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब चार करोड़ पंद्रह लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी के पास से एक डीसीएम गाड़ी भी जब्त की गई है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी मानुष पारीक ने खुलासा करते हुए बताया कि मामला थाना बारादरी क्षेत्र के डोहरा रोड स्थित बॉयज हॉस्टल के पास का है। सोमवार देर रात पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक डीसीएम गाड़ी में भारी मात्रा में मार्फिन छिपाकर लाई जा रही है। पुलिस ने जाल बिछाया और कुछ देर बाद ही संदिग्ध डीसीएम मौके पर पहुंची।
जैसे ही गाड़ी रुकी, चालक नीचे उतरकर वाहन के नीचे बने एक गुप्त बॉक्स को खोलने लगा। उसी दौरान दूसरा व्यक्ति पुलिस को देखकर दीवार फांदकर नाले की ओर भाग गया। पुलिस ने चालक को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से नीले बैग में रखे चार पैकेट मार्फिन पाउडर मिले। पकड़े गए आरोपी की पहचान 50 वर्षीय सिराज अहमद निवासी बंगसान, थाना मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर के रूप में हुई है। फरार साथी का नाम सुरेंद्र शर्मा पुत्र रामस्वरूप शर्मा निवासी देवचरा, थाना भमौरा, बरेली बताया जा रहा है।
पूछताछ में सिराज ने खुलासा किया कि वह पहले ट्रक ड्राइवर था और सुरेंद्र शर्मा से ही उसकी मुलाकात हुई थी। सुरेंद्र ने ही उसे डीसीएम गाड़ी फाइनेंस पर खरीदवाकर इस तस्करी के धंधे में शामिल किया। डीसीएम के नीचे विशेष कैविन बनवाया गया था, जिसमें मार्फिन छिपाकर लाया जाता था ताकि चेकिंग के दौरान पकड़ न हो सके। सिराज के मुताबिक वह महीने में एक-दो बार पंजाब और नागालैंड से माल लेकर आता था और हर ट्रिप के एक लाख रुपये मिलते थे। सुरेंद्र शर्मा पहले भी इसी तरह की तस्करी में पकड़ा जा चुका है, उसकी एक गाड़ी अब भी कैंट थाने में जब्त है।
पुलिस ने सिराज अहमद के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेज दिया। वहीं, फरार तस्कर सुरेंद्र शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में बारादरी प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय, दारोगा मुनेन्द्र पाल सिंह, मनीष भारद्वाज, कांस्टेबल साबिर अली और अंकुश चौधरी।

दीवाली समारोह का भव्य आयोजन

माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल में दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को दीपों के पर्व दीवाली का भव्य उत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। विद्यालय प्रांगण को रंग-बिरंगी रंगोली, और फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण दिव्य आभा से जगमगा उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक डॉ० सौरभ कुमार अग्रवाल एवं प्रिंसिपल डॉ ० प्रियंका सरकार द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस पावन अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को दीवाली के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व के बारे में बताया।

इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विविध रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं। “आई दिवाली”, “हैप्पी दिवाली”, “राम आएंगे” जैसे उल्लासपूर्ण गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर बच्चों ने भगवान श्रीराम के चौदह वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या आगमन की स्मृति को जीवंत कर दिया। नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को भक्ति और आनंद के माहौल से भर दिया।

कक्षा 10 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इस नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि हमें प्रदूषण रहित, स्वच्छ और पटाखामुक्त दीवाली मनानी चाहिए ताकि पर्यावरण और सभी जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

कार्यक्रम में रामपुर गार्डन स्कूल तथा शिव गार्डन स्कूल – दोनों शाखाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। उनकी सृजनात्मकता और उत्साह देखने योग्य था।

अंत में प्रबंधक महोदय ने विद्यार्थियों को दीवाली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व अंधकार पर प्रकाश की, असत्य पर सत्य की, और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी को सुरक्षित, स्वच्छ और आनंदमय दीवाली मनाने का आशीर्वाद दिया।
विद्यालय का यह कार्यक्रम सौहार्द, आनंद, भक्ति और पर्यावरण-संवेदनशीलता का सुंदर संगम रहा।

दीपावली पर सुरक्षा के दृष्टिगत एडीजी–डीआईजी के नेतृत्व में पुलिस का फ्लैग मार्च


बरेली। दीपावली और धनतेरस पर शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए बरेली पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। शनिवार दोपहर पुलिस ने एडीजी जोन रमित शर्मा और डीआईजी अजय कुमार साहनी के नेतृत्व में शहर भर में फ्लैग मार्च निकाला। इस दौरान एसएसपी अनुराग आर्य, एसपी सिटी मानुष पारीक सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल, पीएसी और ट्रैफिक पुलिस के जवान शामिल रहे।
फ्लैग मार्च की शुरुआत कुतुबखाना से हुई, जो बड़ा बाजार, आलमगीरी गंज जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों से होता हुआ साहू गोपीनाथ स्कूल तक पहुंचा। मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों और व्यापारियों से शांति और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
एडीजी रमित शर्मा ने कहा कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता पर है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और हर गतिविधि पर सीसीटीवी कैमरों से नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। डीआईजी अजय कुमार साहनी ने कहा कि त्योहारों में कानून-व्यवस्था से कोई समझौता नहीं होगा। बाजारों में पुलिसकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है, वहीं सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि ट्रैफिक पुलिस को खास निर्देश दिए गए हैं ताकि भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। वहीं एसपी सिटी मानुष पारीक ने कहा कि फ्लैग मार्च का उद्देश्य लोगों में सुरक्षा का भरोसा जगाना और त्योहारों को शांति व खुशहाली के साथ मनाना है। शहरवासियों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि पुलिस की सक्रियता से दीपावली पर सुरक्षा का माहौल और मजबूत हुआ है।