Rashtra Jagat Breaking
February 4, 2026

विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर गुरुवार को युवा सेवक संघ द्वारा एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया।

हर सदस्य के नाम एक पौधा, पार्थ गौतम ने दिलाई शपथ, ग्रीन बरेली-क्लीन बरेली बनाने का लिया संकल्प कार्यक्रम में मेयर डॉ. उमेश गौतम और युवा सेवक संघ के प्रधान सेवक पार्थ गौतम ने नागरिकों को पौधे वितरित किए और उन्हें ग्रीन बरेली, क्लीन बरेली अभियान का हिस्सा बनने की शपथ दिलाई।
अर्बन हाट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित इस जनसरोकार कार्यक्रम में पार्थ फाउंडेशन द्वारा अब तक किए गए समाजसेवा कार्यों का ब्यौरा भी प्रस्तुत किया गया। पार्थ गौतम ने अपील की कि हर परिवार अपने हर सदस्य के नाम पर कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने कहा हमारा लक्ष्य सिर्फ सेवा नहीं, बल्कि पर्यावरण जागरूकता फैलाना भी है। आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और हरित बरेली छोड़ जाना हमारा उत्तरदायित्व है

गरीबों को इलाज के लिए नहीं होना पड़ेगा परेशान

पार्थ गौतम ने घोषणा की कि मिशन अस्पताल में पार्थ फाउंडेशन के माध्यम से गरीबों को अब नि:शुल्क इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। इसमें भर्ती शुल्क, ऑपरेशन शुल्क, सामान्य प्रसव, परामर्श, बिस्तर और नर्सिंग देखभाल जैसी सभी स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह मुफ्त होंगी। इस दौरान चार-चार हेल्थ कार्ड भी वितरित किए गए ताकि ज़रूरतमंदों को चिकित्सा सेवाओं तक आसान पहुंच मिल सके। कार्यक्रम के दौरान पार्थ फाउंडेशन के हेलमेट, पहचान पट्टे, टी-शर्ट, नि:शुल्क इलाज कार्ड और सैकड़ों पौधे बांटे।

राजनीति से दूर, सेवा को समर्पित संगठन

पार्थ गौतम ने मंच से स्पष्ट किया कि युवा सेवक संघ का उद्देश्य केवल सेवा है, राजनीति नहीं। उन्होंने कहा संगठन से जुड़ने वाला हर व्यक्ति सेवक कहलाएगा और मैं स्वयं प्रधान सेवक रहूंगा। हमारा मकसद समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक सहायता पहुंचाना है। इस अवसर पर मौजूद बड़ी संख्या में लोगों ने पौधे लेकर पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली और इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान सेवा, समर्पण और संवेदना के भाव की झलक हर चेहरे पर साफ दिखी।

मेयर बोले- राजनीतिक पार्टियों की बंद हुईं धड़कनें
कार्यक्रम के दौरान मेयर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि युवा सेवक संघ की स्थापना के बाद अन्य राजनीतिक दलों की धड़कनें बंद हो गई हैं। कई लोग यह सोचकर बेचैन हैं कि आखिर क्यों पार्थ गौतम जैसे युवा सेवा के लिए आगे आए हैं। अब बरेली में सेवा ही असली राजनीति बन चुकी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *