राष्ट्र जगत संवाददाता।
बरेली। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने भारतीय जनता पार्टी के दिवंगत विधायक डॉ. श्याम बिहारी के आवास पर पहुँचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके उपरांत वे फरीदपुर में आयोजित अंतिम शव यात्रा में भी सम्मिलित हुए और शोकाकुल परिजनों को ढांढस बंधाया।
कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने बताया कि इस दुख की घड़ी में जिलाध्यक्ष के साथ डॉ. अल्लाउद्दीन ख़ाँ, आशिफ़ और उल्फत कठेरिया भी मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।
इस अवसर पर जिलाध्यक्ष असफाक सक्लेनी ने कहा कि विधायक डॉ. श्याम बिहारी का आकस्मिक निधन न केवल फरीदपुर बल्कि पूरे बरेली जनपद के लिए अपूरणीय क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस दुःख की घड़ी में पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करती है।
