Rashtra Jagat Breaking
February 4, 2026

“हिंदुओं की सुरक्षा और जनसंख्या नियंत्रण कानून को लेकर बरेली में गरजे प्रवीण तोगड़िया

राष्ट्र जगत संवाददाता

बरेली। अंतर्राष्ट्रीय हिंदू परिषद के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया सोमवार को बरेली पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे कथित अत्याचारों को चिंताजनक और दुखद बताया तथा भारत सरकार से दुनिया भर में हिंदुओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।
प्रवीण तोगड़िया ने कहा कि बांग्लादेश में दिनदहाड़े हिंदुओं की हत्या हो रही है और बहन-बेटियों पर अत्याचार की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि यह सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा, जो पूरे हिंदू समाज के लिए गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने नाइजीरिया का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां ईसाइयों पर हमले के बाद अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सेना भेजकर कड़ा संदेश दिया था। इसी तरह भारत सरकार को भी हिंदुओं की रक्षा के लिए निर्णायक कदम उठाने चाहिए।
प्रवीण तोगड़िया ने देश में बड़े पैमाने पर हो रहे धर्मांतरण का मुद्दा भी उठाया और कहा कि हिंदू समाज को संगठित होकर इसका विरोध करना होगा। उन्होंने “एक देश, एक कानून” की अवधारणा पर जोर देते हुए जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाने की मांग की और कहा कि यह सभी समुदायों पर समान रूप से लागू होना चाहिए।
उन्होंने प्रस्ताव रखा कि कानून लागू होने के बाद यदि तय सीमा से अधिक बच्चों का जन्म होता है, तो संबंधित परिवार को सरकारी सुविधाओं से वंचित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकता से जुड़े डीएनए टेस्ट के सुझाव का भी उल्लेख किया।
तोगड़िया के अनुसार, 1951 की मतदाता सूची के आधार पर नागरिकता का सत्यापन किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जैसे राम मंदिर का निर्माण हुआ, वैसे ही जनसंख्या नियंत्रण कानून भी बनकर रहेगा। उनके इन बयानों के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *