बरेली। अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करी में लिप्त एक शातिर तस्कर बारादरी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पुलिस ने उसके कब्जे से चार किलो 186 ग्राम अवैध मार्फिन बरामद की है, जिसकी कीमत करीब चार करोड़ पंद्रह लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी के पास से एक डीसीएम गाड़ी भी जब्त की गई है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया।
मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में एसपी सिटी मानुष पारीक ने खुलासा करते हुए बताया कि मामला थाना बारादरी क्षेत्र के डोहरा रोड स्थित बॉयज हॉस्टल के पास का है। सोमवार देर रात पुलिस टीम इलाके में गश्त पर थी तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक डीसीएम गाड़ी में भारी मात्रा में मार्फिन छिपाकर लाई जा रही है। पुलिस ने जाल बिछाया और कुछ देर बाद ही संदिग्ध डीसीएम मौके पर पहुंची।
जैसे ही गाड़ी रुकी, चालक नीचे उतरकर वाहन के नीचे बने एक गुप्त बॉक्स को खोलने लगा। उसी दौरान दूसरा व्यक्ति पुलिस को देखकर दीवार फांदकर नाले की ओर भाग गया। पुलिस ने चालक को मौके से दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से नीले बैग में रखे चार पैकेट मार्फिन पाउडर मिले। पकड़े गए आरोपी की पहचान 50 वर्षीय सिराज अहमद निवासी बंगसान, थाना मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर के रूप में हुई है। फरार साथी का नाम सुरेंद्र शर्मा पुत्र रामस्वरूप शर्मा निवासी देवचरा, थाना भमौरा, बरेली बताया जा रहा है।
पूछताछ में सिराज ने खुलासा किया कि वह पहले ट्रक ड्राइवर था और सुरेंद्र शर्मा से ही उसकी मुलाकात हुई थी। सुरेंद्र ने ही उसे डीसीएम गाड़ी फाइनेंस पर खरीदवाकर इस तस्करी के धंधे में शामिल किया। डीसीएम के नीचे विशेष कैविन बनवाया गया था, जिसमें मार्फिन छिपाकर लाया जाता था ताकि चेकिंग के दौरान पकड़ न हो सके। सिराज के मुताबिक वह महीने में एक-दो बार पंजाब और नागालैंड से माल लेकर आता था और हर ट्रिप के एक लाख रुपये मिलते थे। सुरेंद्र शर्मा पहले भी इसी तरह की तस्करी में पकड़ा जा चुका है, उसकी एक गाड़ी अब भी कैंट थाने में जब्त है।
पुलिस ने सिराज अहमद के खिलाफ NDPS एक्ट की धाराओं 8/21/29 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर भेज दिया। वहीं, फरार तस्कर सुरेंद्र शर्मा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में बारादरी प्रभारी निरीक्षक धनंजय पांडेय, दारोगा मुनेन्द्र पाल सिंह, मनीष भारद्वाज, कांस्टेबल साबिर अली और अंकुश चौधरी।
माधवराव सिंधिया पब्लिक स्कूल में दिनांक 18 अक्टूबर 2025 को दीपों के पर्व दीवाली का भव्य उत्सव बड़े हर्षोल्लास एवं श्रद्धा के साथ मनाया गया। विद्यालय प्रांगण को रंग-बिरंगी रंगोली, और फूलों से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण दिव्य आभा से जगमगा उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रबंधक डॉ० सौरभ कुमार अग्रवाल एवं प्रिंसिपल डॉ ० प्रियंका सरकार द्वारा दीप प्रज्वलन एवं माँ सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस पावन अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को दीवाली के सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व के बारे में बताया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों ने विविध रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं। “आई दिवाली”, “हैप्पी दिवाली”, “राम आएंगे” जैसे उल्लासपूर्ण गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत कर बच्चों ने भगवान श्रीराम के चौदह वर्षों के वनवास के बाद अयोध्या आगमन की स्मृति को जीवंत कर दिया। नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को भक्ति और आनंद के माहौल से भर दिया।
कक्षा 10 के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। इस नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि हमें प्रदूषण रहित, स्वच्छ और पटाखामुक्त दीवाली मनानी चाहिए ताकि पर्यावरण और सभी जीवों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में रामपुर गार्डन स्कूल तथा शिव गार्डन स्कूल – दोनों शाखाओं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुतियों से सबका मन मोह लिया। उनकी सृजनात्मकता और उत्साह देखने योग्य था।
अंत में प्रबंधक महोदय ने विद्यार्थियों को दीवाली की हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व अंधकार पर प्रकाश की, असत्य पर सत्य की, और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक है। उन्होंने सभी को सुरक्षित, स्वच्छ और आनंदमय दीवाली मनाने का आशीर्वाद दिया।
विद्यालय का यह कार्यक्रम सौहार्द, आनंद, भक्ति और पर्यावरण-संवेदनशीलता का सुंदर संगम रहा।
रिपोर्ट दुष्येंद्र कुमार
विकसित भारत बिल्डथॉन 2025 : नवाचार की ओर एक सशक्त कदम
बरेली जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम का शुभारंभ किया बरेली 13 अक्टूबर 2025 को शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित “Viksit Bharat Buildathon 2025” के अंतर्गत आज जनपद बरेली में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया
इस कार्यक्रम का उद्देश्य विकसित भारत की चार प्रमुख थीम — आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी, वोकल फॉर लोकल तथा समृद्ध भारत — के माध्यम से विद्यार्थियों में नवाचार, सृजनशीलता एवं समस्या समाधान कौशल को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री संजय सिंह बरेली के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में माननीय सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, अभिभावक, शिक्षकगण एवं हितधारकगण ससम्मान उपस्थित रहे।
कक्षा 6 से 8 तक के सभी उच्च प्राथमिक विद्यालय, कंपोजिट विद्यालयों तथा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों (कुल 793 विद्यालयों) के बच्चों ने प्रतिभा किया। विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सुबह 10:00 बजे से 12:00 बजे तक राष्ट्रीय स्तर पर यूट्यूब के माध्यम से सजीव प्रसारण (वेबीनार) से जुड़ते हुए विद्यार्थियों ने अपने नवाचारी विचार प्रस्तुत किए।
सभी रजिस्टर्ड टीमों ने स्मार्ट कक्षाओं में अपने विचारों पर आधारित प्रोटोटाइप (आदिरूप) तैयार किए। विद्यार्थियों ने समस्याओं की पहचान कर उनके समाधान के लिए मॉडल विकसित किए तथा अपनी प्रस्तुति की वीडियो रिकॉर्डिंग भी की। शिक्षकों एवं मेंटरों द्वारा विद्यार्थियों का सतत मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया गया।
विद्यालयों में इस अवसर पर सुंदर बैनर, पोस्टर, जिंगल, लोगो एवं सजावट से प्रेरक वातावरण निर्मित किया गया। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल/उत्पादों को अतिथियों एवं अभिभावकों के समक्ष प्रदर्शित किया गया तथा सभी के प्रयासों की सराहना की गई।
यह कार्यक्रम विकसित भारत के निर्माण की दिशा में एक सशक्त पहल सिद्ध हुआ, जिसमें जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी रही।
बरेली। इज्जतनगर के रहने वाले एक बुजुर्ग पेंशनभोगी के खाते से साइबर ठगों ने आधी रात को एफडी और आरडी तोड़कर 2.36 लाख उड़ा लिए। बैंक ने जिम्मेदारी से किनारा करते हुए इसे ग्राहक की लापरवाही बता दिया। पीड़ित ने अब गृह मंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के मुताबिक, टी.टी.बी. रस्तोगी, जो एसएआर विभाग से रिटायर्ड हैं। उनके खाते से 20 मार्च 2025 की आधी रात को रकम गायब हो गई। ठगों ने न सिर्फ उनके खाते में रखी रकम निकाली, बल्कि दो सावधि जमाएं (एफडी) और एक आवर्ती जमा (आरडी) भी तोड़ डाली। पीड़ित के अनुसार 16 हजार 700 फेसबुक इंडिया ऑनलाइन सर्विसेज प्रा.लि. को और 2.20 लाख कोलकाता स्थित कोटक महिंद्रा बैंक में राम कुमारी काजल नामक महिला के खाते में ट्रांसफर किए गए। कुछ दिनों बाद 16 हजार 700 वापस आ गए, लेकिन 2.20 लाख अब तक फंसे हुए हैं।
पीड़ित ने इस मामले की शिकायत बैंक ऑफ बड़ौदा में की और रिजर्व बैंक के बैंकिंग लोकपाल, कानपुर को भी पत्र भेजा। बैंक ने अपने जवाब में कहा कि ग्राहक ने ओटीपी और लॉगिन डिटेल साझा की थी, इसलिए यह उनकी गलती है। लेकिन पीड़ित का सवाल है कि बैंक ने बिना मूल रसीद के आधी रात में एफडी और आरडी कैसे तोड़ दीं? रस्तोगी का कहना है इतनी बड़ी रकम आधी रात को खाते से निकल गई और बैंक के सिस्टम को भनक तक नहीं लगी। यह बैंक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
उन्होंने बताया कि यह रकम उनके पोते अक्षत और तीन वर्षीय पोती आदिवा के नाम से की गई जमाओं की थी। अक्षत के नाम पर 2012 में नामकरण संस्कार के अवसर पर 21 हजार की एफडी कराई गई थी, जो हर बार नवीनीकृत होती रही। आदिवा के नाम पर 1.51 लाख की एफडी और 25 हजार मासिक की आरडी थी। रस्तोगी का कहना है कि कोटक महिंद्रा बैंक को भी जवाब देना चाहिए कि आखिर ऐसे असामाजिक तत्वों के नाम पर खाते कैसे खोले जाते हैं। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह से मांग की है कि इस पूरे प्रकरण की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि ऐसे साइबर गिरोहों पर नकेल कसी जा सके और आम नागरिकों की मेहनत की कमाई सुरक्षित रह सके।
पीड़ित रस्तोगी ने भावुक होकर कहा मैंने पूरी जिंदगी ईमानदारी से काम किया, लेकिन बुजुर्गावस्था में इन ठगों ने मेरे पोते-पोती का भविष्य लूट लिया। बस अब यही चाहता हूं कि सरकार इस गिरोह को सजा दिलाए और मेरा पैसा वापस मिले। वहीं, इज्जतनगर पुलिस ने भी मामले को गंभीरता से लेते हुए रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर सेल की टीम ट्रांजेक्शन के जरिए ठगों के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हुई है।
बरेली। जिले के स्वास्थ्य विभाग के मुख्य चिकित्सा अधिकारी में जनता की सेवा के लिए तैनात डिप्टी सीएमओ साहब का व्यवहार कुछ अलग ही है। वो पत्रकारों पर भी भड़क जाते हैं तो आम जन के लिए इस कार्यालय में उसकी सुनी जाएगी ऐसा सोचना कल्पना से परे है।
स्वास्थ्य विभाग के सीएमओ कार्यालय में जहां दिन में सैकड़ों फरियादी अपनी समस्याओं का निदान पाने के लिए यहां अधिकारियों से गुहार लगाते हैं। तो ऐसे में राष्ट्र जगत के संपादक और पत्रकार किसी जन हित के मुद्दे को लेकर कुछ जानकारी करने सीएमओ कार्यालय गए। जहां सीएमओ साहब तो नहीं मिले लेकिन छोटे साहब डिप्टी सीएमओ साहब अमित कुमार जी मिले उन्होंने कुछ जानकारी उपलब्ध भी करवाई लेकिन जब उनसे कुछ अन्य सवाल करते हुए उनका नंबर मांगा गया तो वो भड़क गए और बोले जाओ सीएमओ से मेरा नंबर लेलो।
यहां जब छोटे साहब डिप्टी सीएमओ का व्यवहार पत्रकारों के प्रति इतना अभद्र है तो वो आम जन की समस्याओं का निदान किस प्रकार करते होंगे यह एक सवाल है। सवाल यह भी है कि शासन की मंशा के अनुरूप पत्रकारों को समुचित जानकारी उपलब्ध कराना आवश्यक है, लेकिन यहां सुरत ए हाल कुछ और ही है।
बरेली। जनता की शिकायतों का समय पर और संतोषजनक निपटान नहीं करने पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने सख्त कदम उठाया है। सितंबर माह में आईजीआरएस पोर्टल पर मिली शिकायतों की समीक्षा में यह सामने आया कि कई अधिकारियों ने अपेक्षित गुणवत्ता का काम नहीं किया। इसके चलते आठ विभागीय अधिकारियों का वेतन रोक दिया गया।
सूत्रों के मुताबिक, इसमें अधिशासी अभियंता (नगरीय द्वितीय/तृतीय) विद्युत, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, उप निदेशक कृषि विभाग, उपखंड अधिकारी विद्युत फरीदपुर, बाल विकास परियोजना अधिकारी बिथरी चैनपुर और चकबंदी अधिकारी मीरगंज शामिल हैं।
जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने साफ कर दिया है कि जनता की समस्याओं का सही समय पर निपटान हर अधिकारी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आवश्यक होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
फरीदपुर से प्रदीप उपाध्याय
बरेली। दीपावली की तैयारी में जुटे एक परिवार पर मातम छा गया। फरीदपुर क्षेत्र के सब्दलपुर गांव में बुधवार सुबह घर की लिपाई के लिए मिट्टी खोदने गईं दो सगी बहनों पर मिट्टी की ढांग गिर गई। हादसे में छोटी बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बड़ी बहन गंभीर हालत में अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रही है।
सब्दलपुर निवासी महिपाल सिंह यादव की बेटियां 12 वर्षीय प्रियंका और 13 वर्षीय शिवानी सुबह-सुबह तालाब किनारे मिट्टी लेने गई थीं। बताया जाता है कि मिट्टी खोदते वक्त अचानक ढांग भरभराकर गिर गई और दोनों बहनें उसके नीचे दब गईं। चीख-पुकार सुनकर मौके पर लोग दौड़े और किसी तरह मिट्टी हटाकर दोनों को बाहर निकाला लेकिन तब तक प्रियंका की सांसें थम चुकी थीं। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल शिवानी को बरेली रेफर किया गया, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है। प्रियंका की मौत से परिवार पर गम का पहाड़ टूट पड़ा। गांव में भी घटना की खबर फैलते ही मातम पसर गया। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने पोस्टमॉर्टम से इंकार करते हुए प्रियंका का अंतिम संस्कार कर दिया।
राष्ट्र जगत संवाददाता
बरेली। शहर के बड़े सपा नेता के नामी अस्पताल अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग कुछ ज्यादा ही मेहरबान है। इस अस्पताल में नियमों की खुले आम धज्जियाँ उड़ाई जा रही हैं यहाँ मानकों का पालन और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की अवहेलना करना आम बात है। सूत्र बताते हैं की सपा नेता के इस अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग के बड़े बड़े अधिकारीयों की कृपा है और उन्हीं के संरक्षण में यह सब नियमों की अवहेलना की जा रही है। जिसके चलते बरेली के सैटलाइट रोड ईसाईयों की पुलिया पर स्थित इस अस्पताल ने नियमों को ताक पर रखते हुए ऑक्सीजन सिलेंडर के भण्डारण टैंक को अपने अस्पताल के बेसमेंट में ही लगा रखा है। जबकि नियम यह कहता है की यह ऑक्सीजन टैंक खुले में होना चाहिए। नेशनल फायर प्रोटेक्शन एसोसिएशन 99 के निर्देश भी यह कहते हैं की अस्पताल के बेसमेंट में ऑक्सीजन टैंक रखने के उन्हें हवादार, सीधे खड़े स्थान पर, गर्मी और ज्वलनशील पदार्थों से दूर रखना चाहिए। इन दिशानिर्देशों का पालन करते हुए अस्पताल संचालित होना चाहिए। जिसमें ईंधन गैस सिलेंडरों से 20 फीट की दूरी और आग प्रतिरोधक बाधाएं, या कम से कम 5 फीट की दूरी रखना आवश्यक है। साथ ही, ऑक्सीजन भंडारण क्षेत्रों में “धूम्रपान निषेध” के बोर्ड लगाने चाहिए और विद्युत उपकरणों से दूर रखना चाहिए।
अब जब नियम इतने सख्त हैं तो ऐसे में अस्पताल को मिली फायर विभाग की एनओसी पर भी सवाल उठना लाज़मी है, इस विषयक हमारे संवाददाता ने जब मुख्य चिकित्सा अधिकारी से संपर्क साधने का प्रयास किया तो महोदय का फ़ोन नहीं उठ सका। यहाँ इस अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग की अनदेखी और अस्पताल में मरीजों की जान के साथ खिलवाड़ किस नियम के अंतर्गत किया जा रहा है यह तो सीएमओ साहब ही बता सकते हैं।
राष्ट्र जगत संवाददाता
बरेली बवाल के बाद पुलिस-प्रशासन का सख्त एक्शन जारी है। पुलिस ने बवाल के एक आरोपी ताजीम का एनकाउंटर कर दिया। मुठभेड़ में पुलिस ने उसके पैर में गोली मारी। इसके बाद ताजीम को गिरफ्तार कर लिया।
वहीं, मंगलवार को तौकीर रजा के दामाद मोहसिन रजा को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। मोहसिन, तौकीर रजा के बड़े भाई मन्नानी मियां का दामाद है। मन्नानी का दूसरा दामाद सपा से पार्षद ओमान रजा है, जो फरार है।
मंगलवार को पुलिस-प्रशासन और नगर निगम की टीम 5 थानों की पुलिस और आ ए एफ के साथ मोहसिन के घर के पास बने उसके गैराज को तोड़ने पहुंची थी। प्रशासन की टीम का कहना है कि गैराज नगर निगम और नाले की जमीन पर बना है। वहीं, मोहसिन ने दावा किया कि उसके पास कोर्ट का स्टे है। इसी बात को लेकर मोहसिन ने पुलिस से धक्का-मुक्की की। 12 बाई 14 का गैराज था। इस पर 20 साल से कब्जा था।इसके बाद पुलिस ने मोहसिन को गिरफ्तार कर थाने भेज दिया। मोहसिन के गैराज को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। वहीं, मोहसिन का रिसॉर्ट भी सील कर दिया गया। इसके अलावा तौकीर रजा के करीबी हाजी शराफत खान के नरियावल स्थित हमसफर पैलेस (मैरिज लॉन) को भी सील कर दिया गया।
उधर, बरेली के प्रभारी मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा-कानून से बड़ा कोई नहीं। उपद्रवियों को बख्शा नहीं जाएगा। किसी भी तरह की अराजकता, अवैध कब्जा या नक्शे में हेर-फेर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जहां भी अनियमितता पाई जाएगी, वहां बुलडोजर समेत कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बता दें, बरेली बवाल में पुलिस ने अभी तक कुल 62 लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें मौलाना तौकीर रजा, डॉ. नफीस और नदीम भी शामिल हैं, जो इस बवाल के मास्टरमाइंड बताए जा रहे हैं। पुलिस ने अभी तक मौलाना तौकीर रजा के करीबियों की 150 करोड़ रुपए की संपत्ति जब्त की है।
दो अक्टूबर तक बंद रहने की अफवाह ने उड़ाए थे होश
राष्ट्र जगत संवाददाता
बरेली । 26 सितम्बर 2025 को हुए कुतुबखाना पर पथराव एवं लाठी चार्ज के बाद प्रशासन द्वारा शांति व्यवस्था जारी रखने के लिए इंटरनेट सुविधाओं को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया था जिसके चलते जनता काफी परेशान नजर आई इस दौरान ऑनलाइन डिलीवरी राइडरों का काम भी इन 48 घंटे में बंद रहा ना किसी को ऑनलाइन पेमेंट हो सकी ना ही कोई आर्डर जा सका इस दौरान सोमवार रात तक इंटरनेट सुविधा 2 अक्टूबर तक बंद होने की अफवाह फैलने लगी जिससे जनता और अधिक परेशान नजर आई परंतु देर 29 सितम्बर रात के 12 बजे के बाद जैसे ही इंटरनेट सुविधा पुनः शुरू हुई तभी लोगों के मोबाइलों के नोटिफिकेशन बजने लगे जिससे जनता ने राहत की सांस ली।