Rashtra Jagat Breaking
February 4, 2026

बरेली

युवा कांग्रेस ने जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन

राष्ट्र जगत संवाददाता
बरेली। युवा कांग्रेस ने आज जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि बरेली की वोटर लिस्ट सार्वजनिक की जाए। ज्ञापन सौंपते हुए युवा जिलाध्यक्ष साहिब सिंह ने कहा कि जिस तरह से चुनाव आयोग बीजेपी का फ्रंटल विभाग बनकर कार्य कर रहा है, यह देश की जनता के साथ धोखा है।इसको बर्दास्त नहीं किया जायेगा।

एनएसयूआई जिलाध्यक्ष नदीम सिद्दीकी ने कहा कि जिस विश्वास के साथ जनता ने बीजेपी को समर्थन दिया था, सरकार उस पर खरी नहीं उतरी। ऐसी सरकार को सत्ता में बने रहने का कोई अधिकार नहीं है।

कांग्रेस प्रवक्ता पंडित राज शर्मा ने कहा कि जब-जब देश का युवा सड़क पर उतर कर आंदोलन करता है, समझ लेना चाहिए कि सरकार के अंतिम दिन नजदीक हैं।
इस मौके पर मुख्य रूप से प्रदेश महासचिव हसनैन, युवा विधानसभा अध्यक्ष युसूफ सेफी, मो. अशरफ, युवा सचिव तैय्यब अली, जाहिद अल्वी, जिला उपाध्यक्ष शोएब शकील, बिलाल शाह, युवा सचिव सर्वजीत सिंह, राजदीप सिंह, लकी सिंह, फतेह सिंह, मंजीत सिंह और मीरा एडवोकेट सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

एक गूंज सेवा समिति ने जरूरतमंदों को बांटे कपड़े

राष्ट्र जगत संवाददाता
बरेली। समाजसेवा के क्षेत्र में सक्रिय एक गूंज सेवा समिति निरंतर जरूरतमंद और बेसहारा लोगों के लिए सहारा बन रही है। संस्था हर हफ्ते सड़क किनारे बसी झुग्गी-झोपड़ियों और गरीब बस्तियों में पहुंचकर कपड़े और अन्य जरूरी सामान का वितरण करती है। समिति का उद्देश्य न सिर्फ जरूरतमंदों की सहायता करना है बल्कि उन्हें सम्मानपूर्वक समाज की मुख्यधारा से जोड़ना भी है।
संस्था के प्रदेश अध्यक्ष प्रतिपाल सिंह (बंटी ठाकुर) ने बताया कि संस्था का मुख्य ध्येय है “बेसहारा को सहारा देना।” उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों तक पहुंचकर उनके जीवन की मुश्किलों को थोड़ा आसान करना ही सबसे बड़ी सेवा है। संस्था की टीम सप्ताह दर सप्ताह उन लोगों तक पहुंचती है, जो रोजमर्रा की बुनियादी जरूरतें पूरी करने में सक्षम नहीं हैं। टीम के सदस्य उनके पास जाकर आदरपूर्वक कपड़े और अन्य सामग्री उपलब्ध कराते हैं ताकि उन्हें यह महसूस हो कि वे अकेले नहीं हैं।

समिति के कार्यों की खासियत यह है कि यह मदद किसी दिखावे के लिए नहीं बल्कि मानवीय संवेदनाओं के आधार पर की जाती है। संस्था का मानना है कि समाज में बदलाव केवल बड़े प्रयासों से नहीं बल्कि छोटे-छोटे कदमों से भी लाया जा सकता है।

इसी क्रम में समिति की टीम नैनीताल रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंची और वहां रह रहे गरीब परिवारों को कपड़े वितरित किए। इस दौरान स्थानीय लोगों के चेहरों पर खुशी और राहत स्पष्ट दिखी। वितरण कार्यक्रम में मोहिनी वर्मा, मोना श्रीवास्तव, पारस सिंह, आलोक सिंह समेत समिति के अन्य सदस्य प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

संस्था के निरंतर प्रयासों ने समाज में सेवा और सहयोग की एक मिसाल कायम की है। एक गूंज सेवा समिति का यह अभियान न सिर्फ जरूरतमंदों की जिंदगी आसान बना रहा है, बल्कि समाज को इंसानियत और भाईचारे का संदेश भी दे रहा है।

इनरव्हील क्लब ऑफ बरेली साउथ ने बरेली क्लब में 22 साइकिल की वितरण


राष्ट्र जगत संवाददाता
बरेली। इनरव्हील क्लब ऑफ बरेली साउथ और बाकी क्लब ने मिलकर बरेली क्लब में जरूरतमंद छात्राओं को 22 साइकिल वितरित की, कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडल सचिव नीलू मिश्रा रही।
कार्यक्रम में महिला शक्ति का पोस्टर भी क्लब द्वारा बना कर जारी किया गया।
अध्यक्ष प्रीति जिंदल ने कहा कि ऐसे सामाजिक कार्यों से बहुत खुशी मिलती है इन स्कूल की छात्राओं को साइकिल मिली,कई किलोमीटर पैदल चलकर स्कूल जाती थी अब साइकिल से आराम से स्कूल जाएंगी,हम ऐसी होनहार छात्राओं को आगे बढ़ाने में हर प्रयास करेंगे।
एल बी एस स्कूल,संजय नगर की किंजल ग्रोवर को और द्रोपति इंटर कॉलेज की गौरी को अध्यक्ष प्रीति जिंदल व टीम द्वारा साइकिल भेंट की गई,साइकिल पा कर खुशी से उन्होंने कहा कि अब स्कूल हम स्वयं साइकिल से चले जाया करेंगे,पापा को परेशानी नहीं होगी।
इस मौके पर अध्यक्ष प्रीति जिंदल,सचिव मनीषा पांडे,रंजना ठाकुर,बीना खंडेलवाल,निधि अग्रवाल,सरिता भारद्वाज आदि मोजूद थी।

मुस्लिम भाइयों ने शोभायात्रा में पुष्प वर्षा की

राष्ट्र जगत संवाददाता

पनवड़िया में जहा कभी पत्थर बरसते थे वहाँ अब फूलों की बारिश होती है

बरेली। अमन कमेटी के मुस्लिम भाईयों ने दधिकांधों की शोभायात्रा का स्वागत पनवड़िया जगत पुर मे किया और हिंदू मुस्लिम एकता का पैग़ाम दिया।
मुस्लिम भाईयों ने पुष्प वर्षा की, मिठाई खिलाई और पानी की बोतलों को बांटी जोगी नवादा और पनवड़िया में जहा कभी पत्थर बरसते थे वहाँ अब फूलों की बारिश होती है
लेकिन इन सब बातों का श्रेय  सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव और इंस्पेक्टर बारादारी धनंज्य पाण्डे और उनकी पूरी पोलिस टीम को जाता हैं।
एस एस पी अनुराग आर्य ने बरेली शहर की गंगा जमुनी तहज़ीब को दोबारा मौका दिया है पूरा बरेली शहर अमन चैन की सांस लेने मे खुशी मेहसूस कर रहा है डा कदीर अहमद ने डीएम और एसएसपी को मुबारक बाद दी।
इस क मे सीओ थर्ड पंकज श्रीवास्तव और इंस्पेक्टर बारादरी को सम्मानित किया गया है डा कदीर अहमद, अच्छन अंसारी एडवोकेट, नईम खान, डा अंसारी, पाकीज़ा, खुशनुमा, मो नबी, हाजी हसीन पप्पू, मो अनस मोनू खान, अफ़सर खान, ने पुष्प वर्षा की, अमन कमेटी के प्रदेश महा सचिव मनोज भारती,  संजीव शर्मा ज़िला अध्यक्ष, राम निवास शर्मा, दिनेश बाजपेयी का विशेष योगदान रहा।

मुसलमानो के दरमियान फैली हुई बुराईयों के खिलाफ आंदोलन,

राष्ट्र जगत संवाददाता

बरेली: आला हज़रत के उर्स के पहले दिन आल इंडिया मुस्लिम जमात के तत्वावधान मे देश भर से आए हुए उलमा की एक महत्वपूर्ण मीटिंग ग्रांड मुफ्ती हाउस स्थित सौदागरान बरेली मे सम्पन्न हुई। मीटिंग मे उलमा ने संयुक्त रूप से निर्णय लिया, उसकी जानकारी संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रज़वी बरेलवी ने मुस्लिम एजेंडा जारी करते हुए प्रेस कॉन्फ्रेंस मे बताया कि मुस्लिम समाज मे बुराईयां बहुत ज्यादा बढ़ गई है, जगह जगह से शिकायतें और बिगड़े हुए हालात की जानकारी मिल रही है। इसलिए मुसलमानो के दरमियान फैली हुई बुराईयों के खिलाफ आंदोलन चलाया जायेगा। मुस्लिम समाज को इस वक्त कुछ ऐसी बुराईयों से बचने की जरूरत है जो समाजिक, धार्मिक, और नैतिक रूप से नुकसान पहुंचा सकतीं हैं। ये बुराईया आज के दौर की चुनौतीयो और इस्लामिक मूल्यों के आधार पर देखी जा सकती हैं

मौलाना ने यह भी बताया कि समाजिक और राजनीतिक मैदान में बरेलवी बहुत पीछे हैं, बरेलवी उलमा ने सियासत को सीधे तौर पर पसंद नहीं किया, और नौजवानों को आगे बढ़ने का मौका नही मिल सका। मगर अब देश के सियासी हालात के परिप्रेक्ष्य में जरुरत पेश आयी कि बरेलवियों को भी राजनीति के मैदान मे कदम रखना चाहिए। इसलिए अब हर जिले मे बरेलवी क़यादत यानि लीडरशिप को उभारा जायेगा, राजनीतिक मैदान मे दम खम के साथ नुमाइंदगी (प्रतिनिधित्व) किया जायेगा।
मौलाना ने यह भी बताया कि पैगम्बर ए इस्लाम ने शिक्षा हासिल करने पर जोर दिया है। कुरान शरीफ मे खुदा ने सबसे पहली आयत पैगम्बर ए इस्लाम पर नाजिल की(उतारी )वो भी शिक्षा पर आधारित है। मुसलमान शिक्षा के क्षेत्र मे अभी भी दुसरी कौमों से बहुत पीछे है, अगर यह कहा जाये कि मुसलमानो की हालत दलितों से ज्यादा बुरी है तो गलत न होगा। इसलिए केंद्र सरकार और राज्य सरकारों पर तकिया रखकर भरोसा करने की जरूरत नहीं है, बल्कि खुद मुसलमानो को अपनी नयी नस्ल(New generation )की तालीम और तरबियत के लिए खड़ा होना होगा, वरना पीछे ढकेल दिये जाओगे।

शादी विवाह में गैर शरई काम
1. इस्लाम ने शादी वीहा को बहुत आसान और कम खर्च वाला कार्य बनाया है, मगर आज कल मुसलमानो ने शादी वीहा को बहुत महंगा कर दिया जो गैर शरई है।
2. निकाह मे जो तरीका अपनाया जा रहा है, दुल्हा और और दुल्हन की तैयारियां में जो तौर तरीका अपनाया जाता है, वो सब गैर शरई है।
3. शादियों में बारात का खाना, फिर वलीमे का खाना, फिर लड़की वालो कि तरफ से खाना, हाल की बुकिंग के साथ ही और दीगर चींजो मे फिजूल खर्ची की जाती है जो नाजायज है।
4. शादी के दिन लड़की वाले हाल मे दहेज़ की नुमाइश करते हैं, ये भी नाजायज है।
5. इस्लाम में दहेज के मांगने पर सख्त मनाही की है, मगर शादी की तारीख तय करते वक्त दुलेह की तरफ से दहेज के लिए जिन जिन चीजों का मुतालबा किया जाता है, वो सभ नाजायज कार्य है।
6. लडके वाले हो या लड़की वाले दोनों तरफ के खाने के इंतजाम मे खड़े होकर खाना खिलाने की व्यवस्था की जाती है, शरीयत की नजर में यह सख्त गुनाह का काम है। बैठकर खाना खिलाने कि व्यवस्था होनी चाहिए।

शिक्षा के मैदान मे कार्य
1. दीनी और दुनियावी शिक्षा के लिए स्कूल, कालेज, और विश्वविद्यालय मालदार मुसलमान खोलें। मौजूदा समय मे तकनीकी शिक्षा मे पीछे रहना भी समाज के लिए नुकसान देय है।
2. दुनियावी और धार्मिक शिक्षा मे संतुलन, और विज्ञान व तकनीक मे जागरूकता लाना भी जरूरी है।
3. उच्च शिक्षा के लिए IAS, IAF, IPS, PCS, PCS J आदि कोचिंग सेंटर खोले जायें। आर्थिक तौर पर ग़रीब व कमजोर छात्रों को फ्री कोचिंग करायी जाये।
4. मौजूदा हालात के पेशे नज़र लड़कियों के लिए अलहेदा स्कूल व कॉलेज खोले जायें, ताकि लड़कियों की शिक्षा अच्छे से अच्छे अन्दाज मे हो सकें, ताकि समाज के दरमियान वो भी तरक्की कर सकें।

फिजूल खर्ची और नशा
1. आजकल अकसर नौजवान नशे के आदी हो चुके हैं, जिसकी वजह से उनकी सेहत के साथ परिवार में विवाद और मां बाप के लिए एक मुसीबत का सबव बन जाते हैं।
2. मस्जिद के इमामों और बुद्धिजीवियों को इस पर काम करना होगा।
3. मुसलमान शादी वीहा और दीगर कार्यक्रमो के साथ ही साथ जलसा, जुलूस, लगंर और उर्स मे बेपनाह फिजूल खर्ची करते हैं। इस फिजूल खर्ची से कोई सबाब नही हासिल होता, बचना जरूरी है।
4. मुसलमान पीरी मुरीदी को असल इस्लाम न समझे, बल्कि असल इस्लाम तोहिद, नमाज, रोज़ा, हज, जकात हैं। इनके करने से खुदा और रसूल खुश होंगे।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्य रूप से मौलाना अब्दुल हमीद नूरी, हाफिज नूर अहमद अजहरी, हाजी नाजिम बेग , मौलाना मुजाहिद हुसैन, मौलाना फारूख रजवी, मौलाना अकबर अली,  शाहिद रजवी, आदि उपस्थित रहे।

उर्स-ए-रज़वी पर आला हजरत वेलफेयर सोसाइटी की जानिब से सालाना लंगर का आगाज़

राष्ट्र जगत संवाददाता

बरेली। 107वें उर्स-ए-रज़वी के मौके पर आला हजरत वेलफेयर सोसाइटी की जानिब से इस साल भी सालाना लंगर का इंतज़ाम किया गया है। यह सिलसिला लगातार पिछले 23 सालों से जारी है और समाजसेवा का बेहतरीन उदाहरण पेश करता आ रहा है।सोसाइटी के ज़िम्मेदारान ने जानकारी दी कि लंगर चार दिन तक इस्लामिया स्कूल के अंदर जारी रहेगा, जिसमें दूर-दराज़ से आने वाले उर्स के मेहमानों की खिदमत की जाएगी। हर साल की तरह इस बार भी कमेटी के तमाम सदस्य तन-मन से मेहमाननवाज़ी में जुटे हुए हैं।
आला हजरत वेलफेयर सोसाइटी के सदर हसीन अहमद रिज़वी ने बताया कि यह लंगर महज़ खाने का इंतज़ाम नहीं बल्कि इंसानियत और मोहब्बत का पैग़ाम है। उन्होंने कहा कि आला हजरत की तालीमात हमें इंसानियत की सेवा का सबक देती हैं और इसी लंगर  को आगे बढ़ाते हुए यह सिलसिला जारी रखा गया है।
कमेटी का कहना है कि उर्स-ए-रज़वी न सिर्फ़ आध्यात्मिक महफ़िल है बल्कि एकता, भाईचारे और इंसानियत की तालीम का ज़रिया भी है। इसी मक़सद से लंगर का यह आयोजन हर साल बड़े पैमाने पर किया जाता है ताकि कोई भी मेहमान भूखा न लौटे और आला हजरत के पैग़ाम-ए-मोहब्बत को अमली जामा पहनाया जा सके।
कमेटी के संस्थापक रियासत बैग, मौलाना मुजीबुर रहमान, कैसर अली, सफीकुल अहमद, समसुल राजा खान, इमरान राजा खान, जहीरूद्दीन, अरशद अली, मोहम्मद मदनी, रिज़वान, अरशद खान, हाफिज राशिद अली, गुलाम-ए-मुस्तफा, तालिब और यासीन समेत तमाम लोग मेहमानों की खिदमत में दिन-रात लगे हुए हैं।

आरक्षण और वोट खत्म कर रही है भाजपा :अताउर रहमान

राष्ट्र जगत संवाददाता

बरेली। समाजवादी पार्टी की पीडीए पंचायत पार्टी कार्यालय पर सम्पन्न हुई, जिसकी अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने की पीडीए पंचायत के मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव एवं बहेड़ी विधायक अताउर रहमान रहे। संचालन जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव ने किया।
पंचायत में नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष गुरु प्रसाद काले का जोरदार स्वागत किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के लोग उपस्थित रहे। इसी दौरान महिपाल कश्यप, मीरगंज ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
जिला अध्यक्ष शिवचरण कश्यप ने कहा कि “आज समाजवादी पार्टी से हर विधानसभा क्षेत्र से कश्यप समाज जुड़ रहा है और पूरी ताक़त के साथ पार्टी के साथ खड़ा है।”

मुख्य अतिथि विधायक अताउर रहमान ने कहा कि “अब समाजवादी पार्टी केवल मुसलमानों और यादवों की पार्टी नहीं रही, बल्कि यह पूरी तरह से पीडीए की पार्टी है। हमारे नेता अखिलेश यादव पीडीए के जननायक हैं और पीडीए के लोगो को पूरा सम्मान दे रहे हैं।अब किसी एकलव्य को अपना अंगूठा देना नहीं पड़ेगा बल्कि अपना निशाना साधे आईएस,पीसीएस अधिकार बने”
पीडीए पंचायत में ये लोग प्रमुख रूप से शामिल रहे जिला उपाध्यक्ष रविंद्र सिंह यादव,मनोहर पटेल, सैयद हैदर अली,प्रमोद बिष्ट अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सोनकर महानगर उपाध्यक्ष दिनेश यादव जिला सचिव बृजेश श्रीवास्तव सविता द्रोण कश्यप,डॉ अनीस बेग,संजीव सक्सेना सूरज यादव महिला सभा की जिला अध्यक्ष स्मिता यादव,कमलेश रत्नाकर, अल्पसंख्यक सभा के जिला अध्यक्ष असलम खान पार्षद गौरव सक्सेना पार्षद,आरिफ कुरैशी, शकील कुरेशी,जितेंद्र मुंडे,राम सेवक प्रजापति,अनुज बाल्मीकि एड,संजीव कश्यप,हरि सिंह बाल्मीकि, सुनील भारत बाल्मिकी मंगू सिंह बाल्मीकि राजकुमार आनंद दिनेश कुमार सत्संगी इंजीनियर अतिकय वाल्मीकि, नरेश वाल्मीकि आदि लोग मौजूद रहे।

शिवसेना पश्चिमी ने भीम आर्मी के बयान का किया विरोध

राष्ट्र जगत संवाददाता

बरेली। कुछ दिन पहले सिटी मजिस्ट्रेट कार्यालय में  भगवान हनुमान जी के चित्र को लेकर शुरू हुए विवाद में अब शिवसेना पश्चिमी भी खुलकर सामने आ गई है। सोमवार को शिवसेना पश्चिमी के जिला प्रमुख दीपक पाठक के नेतृत्व में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने जिला अधिकारी गेट पर पहुंच कर  हनुमान चालीसा का पाठ कर भीम आर्मी और आज़ाद समाज पार्टी के बयान का विरोध जताया। शिवसैनिकों का कहना है कि हनुमान जी फ़ोटो को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर हिंदू समाज की धार्मिक भावनाओं को आहत किया गया है, जिसे किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
इसी मुद्दे को लेकर शिवसेना कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय में सिटी मजिस्ट्रेट  को ज्ञापन भी सौंपा। इसमें कहा गया कि भगवान हनुमान जी के चित्र को हटाने की मांग कर कुछ असामाजिक तत्व धार्मिक उन्माद फैलाना चाहते हैं। ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
शिवसेना नेताओं ने यह भी कहा कि धार्मिक आस्थाओं और प्रतीकों की सुरक्षा करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। अगर दोषियों पर तत्काल कार्रवाई नहीं हुई तो शिवसेना आंदोलन करने को बाध्य होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में प्रदीप गंगवार, शुभम रस्तोगी, रंजीत सैनी, संजू , अंकुश रस्तोगी , राकेश यादव , विश्व प्रताप सिंह , संतोष सिंह , राजीव पाण्डेय , अंकुर रस्तोगी, विकास कुमार , शशांक पाठक, दीपक पाठक समेत कई लोग शामिल रहे। सभी ने एक सुर में कहा कि हिंदू समाज अपनी आस्था से कोई समझौता नहीं करेगा और भगवान हनुमान का अपमान करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

बाइक और स्कूटी की भिड़ंत में पिता की मौत बेटा घायल

राष्ट्र जगत संवाददाता

बरेली। थाना बारादरी क्षेत्र के सेटेलाइट बस स्टैंड के पास स्कूटी और मोटरसाइकिल में भिड़ंत हो गई जिसमें पिता पुत्र दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए घायलों को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे डॉक्टर ने पिता को मृत घोषित कर दिया।
जिला बदायूं के थाना अलापुर क्षेत्र के गांव जगत निवासी रामआसरे पुत्र रामविलास उनका बेटा गौरव साथ में मोटरसाइकिल से बरेली रोहिलखंड मेडिकल कॉलेज रामआसरे की दवा लेने जा रहे थे रास्ता में बरेली के थाना बारादरी क्षेत्र के सेटेलाइट के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कूटी सवार ने मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी जिसमें रामआसरे और गौरव दोनों घायल हो गए। जिसमें रामआसरे के ज्यादा चोट आ गई दोनों को एंबुलेश से जिला अस्पताल पहुंचाया डॉक्टर ने रामआसरे को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम को भेजा ।

सर्वोदय विद्यालय के मरम्मत कार्य की गुणवत्ता से मंत्री नाराज़,

राष्ट्र जगत संवाददाता

भोजीपुरा में विद्यालय के मरम्मत हेतु सरकार ने स्वीकृत किया है 1.5 करोड़ रुपए

मंत्री असीम अरुण को निरीक्षण में मिली खामियां

बरेली। समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित जयप्रकाश नारायण सर्वोदय विद्यालय (बालक) गोपालपुर, भोजीपुरा का समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने रविवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान राज्यमंत्री ने विद्यालय में चल रहे भवन मरम्मत कार्य का जायजा लिया। उन्होंने पाया कि कार्य की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए राज्यमंत्री ने आउटसोर्सिंग पर कार्यरत जूनियर इंजीनियर (जेई) माज खान को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने विभागीय अधिकारियों को मरम्मत कार्य को तय मानकों के अनुसार समयबद्ध ढंग से पूरा कराने के निर्देश भी दिए।
राज्यमंत्री असीम अरुण ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सर्वोदय विद्यालय में पढ़ रहे बच्चों को बेहतर शिक्षा एंव सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए 1.5 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इस राशि से विद्यालय भवन को नया स्वरूप देने का कार्य किया जा रहा है। हमारा उद्देश्य है कि यहां पढ़ने वाले बच्चों को फर्नीचर से लेकर भोजन तक सभी व्यवस्थाएं गुणवत्तापूर्ण ढंग से मिलें। हालांकि भोजीपुरा सर्वोदय विद्यालय में टाइल्स लगाने के कार्य में लापरवाही बरतने पर संबंधित जेई को हटा दिया गया है। इन संस्थानों से जुड़ा प्रत्येक कार्य गुणवत्तपूर्ण और समयबद्ध होना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गौरतलब है कि समाज कल्याण विभाग द्वारा प्रदेश भर में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के छात्र-छात्राओं के लिए कक्ष 6 से 12 तक आवासीय सुविधा से युक्त 101 सर्वोदय विद्यालय संचालित हो रहे हैं। इन विद्यालयों में समय-समय पर मरम्मत कार्य करवाए जाते हैं।