बरेली। जनपद बरेली के क्यारा ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत रोंधी में इन दिनों गंदगी की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे ग्रामीणों का जीवन प्रभावित हो रहा है।
ग्राम रोंधी के प्राथमिक विद्यालय के पास से गुजरने वाला नाला शुरुआती बारिश में ही उफान पर आ गया है। नालियों की नियमित सफाई न होने के कारण गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है, जिससे आवागमन में भी परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि जहां एक ओर स्वच्छ भारत मिशन के तहत साफ-सफाई पर जोर दिया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर ग्राम पंचायत स्तर पर लापरवाही देखने को मिल रही है।
इतना ही नहीं, गांव में कई हैंडपंप भी खराब पड़े हैं, जिससे पेयजल संकट गहरा गया है। जबकि हर घर जल योजना के तहत हर घर तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, लेकिन रोंधी में इसके उलट हालात नजर आ रहे हैं।
गंदगी और जलभराव के कारण गांव में मच्छरों और मक्खियों की संख्या बढ़ गई है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।
ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द सफाई व्यवस्था सुधारने, नालियों की नियमित सफाई कराने और खराब हैंडपंपों को ठीक कराने की मांग की है।

