Rashtra Jagat Breaking
May 13, 2026

बिजली जांच करने पहुंचे जेई पर दबंगों का हमला, लाठी-डंडों से पीटकर दी धमकी

राष्ट्र जगत संवाददाता प्रदीप पाठक

बदायूं । थाना इस्लामनगर क्षेत्र के मोहल्ला काजी टोला में उस समय हड़कंप मच गया, जब बिजली विभाग के जेई के साथ दबंगों द्वारा मारपीट का मामला सामने आया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग के जेई विक्रम यादव को सूचना मिली थी कि ऋषिपाल गुप्ता के यहां एक ही स्थान पर दो बिजली कनेक्शन संचालित हो रहे हैं। इसी सूचना के आधार पर वह जांच के लिए मौके पर पहुंचे थे।
आरोप है कि मौके पर पहुंचते ही कुलदीप गुप्ता और ऋषिपाल गुप्ता ने बिना किसी बात के जेई के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और दोनों आरोपियों ने जेई विक्रम यादव पर लात-घूंसे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि “यहां नौकरी करो, राजनीति मत करो” और किसी भी अधिकारी को उनके कनेक्शन की जांच करने की चुनौती दी। इस घटना के बाद जेई विक्रम यादव मानसिक रूप से आहत बताए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुलदीप गुप्ता क्षेत्र में दबंग प्रवृत्ति का व्यक्ति माना जाता है और उसका राजनीतिक प्रभाव भी बताया जा रहा है। यह भी आरोप है कि पहले भी कई बार अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन प्रभाव के चलते कार्रवाई नहीं हो पाती। घटना की सूचना थाना इस्लामनगर पुलिस को दे दी गई है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है और लोग खुलकर गवाही देने से भी कतरा रहे हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *