Rashtra Jagat Breaking
April 9, 2026

पंजाबी सेवा कल्याण समिति का 22वां वैवाहिक परिचय सम्मेलन भव्य रूप से सम्पन्न

बरेली। पंजाबी सेवा कल्याण समिति, बरेली द्वारा आयोजित 22वां पंजाबी वैवाहिक परिचय सम्मेलन श्री हरी मंदिर बारात घर, मॉडल टाउन में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिससे सामाजिक एकता और आपसी समन्वय का सशक्त संदेश प्रसारित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. विनोद पगरानी, विशिष्ट अतिथि अनिल कुमार एडवोकेट, समिति अध्यक्ष सतीश लुनियाल, महामंत्री लोकेश कालड़ा, महिला इकाई अध्यक्ष इंदु सेठी एवं सचिव नीलम बत्रा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके पश्चात महिला इकाई द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना ने कार्यक्रम को सांस्कृतिक गरिमा प्रदान की।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथि पवन सक्सेना सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही। आयोजन में लगभग 260 पंजीकरण प्राप्त हुए, जिनमें से करीब 15 युवक-युवतियों के सफल परिचय एवं संभावित वैवाहिक संबंध बनने की संभावना बनी, जो इस आयोजन की प्रमुख उपलब्धि रही।
मुख्य अतिथि डॉ. विनोद पगरानी ने अपने संबोधन में पंजाबी समाज के संघर्ष, आत्मनिर्भरता एवं राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह समाज कठिन परिस्थितियों में भी अपने परिश्रम और संकल्प के बल पर देश की प्रगति में निरंतर योगदान देता रहा है।
विशिष्ट अतिथि अनिल कुमार एडवोकेट ने बताया कि पिछले 26 वर्षों से इस प्रकार के सम्मेलन का निरंतर आयोजन समाज के लिए अत्यंत सराहनीय पहल है। वहीं पवन सक्सेना ने पंजाबी समाज की राष्ट्रभक्ति, साहस एवं समर्पण भावना को देश की शक्ति बताया।
समिति अध्यक्ष सतीश लुनियाल ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में आपसी संबंधों को मजबूत करने के साथ युवाओं को एक सार्थक मंच प्रदान करते हैं। संरक्षकगण ने भी इस प्रकार के आयोजनों की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिला इकाई की सक्रिय भूमिका सराहनीय रही। महिला इकाई अध्यक्ष इंदु सेठी ने अतिथियों का पटका एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।
अंत में महामंत्री लोकेश कालड़ा ने सभी अतिथियों, सहयोगियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात परिचय सम्मेलन का मुख्य सत्र प्रारंभ हुआ, जो सायं 5 बजे तक संचालित रहा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *