Rashtra Jagat Breaking
April 3, 2026

यूजीसी बिल व शंकराचार्य प्रकरण के विरोध में बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने दिया इस्तीफा

बरेली। बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा देकर प्रदेश के प्रशासनिक व राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी। 2016 बैच के पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री ने यह इस्तीफा यूजीसी बिल और प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद के साथ हुई कथित घटना के विरोध में दिया है। खास बात यह रही कि उन्होंने 26 जनवरी जैसे राष्ट्रीय पर्व के दिन यह कदम उठाकर सभी को चौंका दिया।
अलंकार अग्निहोत्री द्वारा राज्यपाल एवं निर्वाचन आयोग को भेजा गया सात पन्नों का इस्तीफा सोशल मीडिया और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बना हुआ है। अपने इस्तीफे में उन्होंने केंद्र व राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए लिखा है कि वर्तमान व्यवस्था में न जनतंत्र बचा है और न ही गणतंत्र, बल्कि “भ्रमतंत्र” स्थापित हो गया है। उन्होंने यूजीसी बिल को लेकर भी कड़ा विरोध दर्ज कराया है।
इस्तीफे में उन्होंने स्वयं को उत्तर प्रदेश सिविल सेवा का अधिकारी बताते हुए अपनी शिक्षा बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से होने का उल्लेख किया है। साथ ही प्रयागराज में माघ मेले के दौरान मौनी अमावस्या स्नान पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्यों के साथ हुई कथित मारपीट की घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
अलंकार अग्निहोत्री ने लिखा कि ब्राह्मणों एवं बटुकों की शिखा पकड़कर की गई मारपीट धार्मिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं का खुला उल्लंघन है, जिससे वह व्यक्तिगत रूप से अत्यंत आहत हैं। उन्होंने इसे अपने आत्मसम्मान और संवैधानिक मूल्यों के विरुद्ध बताते हुए पद पर बने रहना उचित नहीं समझा।
इस अप्रत्याशित इस्तीफे के बाद प्रशासनिक महकमे में तरह-तरह की चर्चाएं तेज हो गई हैं और पूरे प्रदेश में यह मामला चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

जन्मदिन विशेष : युवा नेतृत्व का भरोसेमंद चेहरा — राजू उपाध्याय

संपादक सौरभ शर्मा
भाजपा युवा मोर्चा आंवला के जिला अध्यक्ष, युवाओं के प्रेरणास्रोत
बरेली। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा आंवला के जिला अध्यक्ष, युवाओं में अत्यंत लोकप्रिय एवं ऊर्जावान नेतृत्वकर्ता श्री राजू उपाध्याय का जन्मदिन आज पूरे क्षेत्र में उत्साह, सम्मान और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। बरेली जनपद के कांधरपुर निवासी, किशन परिवार से संबंध रखने वाले राजू उपाध्याय ने अपने परिश्रम, अनुशासन और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर बहुत कम समय में युवाओं के बीच अपनी एक मजबूत और विशिष्ट पहचान बनाई है।
राजू उपाध्याय शुरू से ही सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहे हैं। छात्र जीवन से ही वे राष्ट्रसेवा और संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे। भाजपा युवा मोर्चा के माध्यम से उन्होंने युवाओं को सकारात्मक दिशा देने, उन्हें राष्ट्रनिर्माण से जोड़ने और सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूक करने का निरंतर कार्य किया है।
उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा आंवला ने रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, नशामुक्ति जागरूकता, जरूरतमंदों की सहायता और राष्ट्रवादी विचारधारा को मजबूत करने वाले अनेक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए। वे केवल एक पदाधिकारी ही नहीं, बल्कि कार्यकर्ताओं के सुख-दुख के सच्चे सहभागी के रूप में पहचाने जाते हैं।
संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकर्ताओं के प्रति अपनापन और जनता के प्रति संवेदनशीलता ही उन्हें युवाओं का प्रिय नेता बनाती है। जन्मदिन के अवसर पर जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य और दीर्घायु की कामना की।
क्षेत्रवासियों को विश्वास है कि राजू उपाध्याय आने वाले समय में भी इसी ऊर्जा, ईमानदारी और समर्पण के साथ समाज व संगठन की सेवा करते रहेंगे और बरेली का नाम गौरवान्वित करेंगे।

डिजिटल इंडिया, AI और साइबर अपराध: अवसरों के साथ बढ़ती चुनौतियाँ


भारत तेजी से डिजिटल इंडिया के सपने को साकार कर रहा है। आज सरकारी सेवाओं से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग और व्यापार तक लगभग हर क्षेत्र डिजिटल मंचों पर आ चुका है। इसी डिजिटल क्रांति का अगला चरण है आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), जो कार्यप्रणाली को तेज, सटीक और अधिक प्रभावी बना रहा है। लेकिन तकनीक के इस विस्तार के साथ-साथ साइबर अपराध एक गंभीर चुनौती बनकर उभरा है।
AI आज प्रशासन में पारदर्शिता बढ़ा रहा है, किसानों को मौसम की जानकारी दे रहा है, डॉक्टरों को बीमारी पहचानने में मदद कर रहा है और उद्योगों में उत्पादन क्षमता बढ़ा रहा है। स्टार्टअप संस्कृति को भी AI से नया बल मिला है। ‘डिजिटल इंडिया’ ने आम नागरिक को सशक्त किया है—आज मोबाइल से ही राशन कार्ड, आयुष्मान, आधार, बैंकिंग और सरकारी शिकायतें संभव हैं। यह बदलाव भारत को वैश्विक डिजिटल अर्थव्यवस्था में मजबूत स्थिति दिला रहा है।
परंतु इसी डिजिटल निर्भरता ने अपराध की नई दुनिया भी रच दी है। फिशिंग, ऑनलाइन ठगी, साइबर बुलिंग, डेटा चोरी, डीपफेक और डिजिटल अरेस्ट जैसे अपराध आम होते जा रहे हैं। आम नागरिक ही नहीं, बल्कि बैंक, अस्पताल और सरकारी संस्थान भी साइबर हमलों के निशाने पर हैं। चिंता का विषय यह है कि AI का दुरुपयोग कर अपराधी और अधिक शातिर तरीके से लोगों को ठग रहे हैं, जिससे सत्य और असत्य में अंतर करना कठिन होता जा रहा है।
आज आवश्यकता है कि तकनीकी विकास के साथ-साथ डिजिटल साक्षरता और साइबर सुरक्षा को राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाया जाए। स्कूल स्तर से साइबर जागरूकता, मजबूत डेटा संरक्षण कानून, त्वरित साइबर न्याय प्रणाली और पुलिस-प्रशासन को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण अनिवार्य होना चाहिए। साथ ही नागरिकों को भी अनजान लिंक, फर्जी कॉल और संदिग्ध ऐप्स से सतर्क रहना होगा।

एड. सौरभ शर्मा
प्रधान संपादक
राष्ट्र जगत दैनिक अखबार

शिव मंदिर परिसर में देवी माता मंदिर जागरण, राठौर परिवार द्वारा भव्य आयोजन

राष्ट्र जगत संवाददाता

बरेली । फ़रीदापुर चौधरी में स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर परिसर में स्थित देवी माता मंदिर में राठौर परिवार के तत्वावधान में भव्य जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। धार्मिक आस्था और श्रद्धा से परिपूर्ण इस जागरण में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए और भजनों का आनंद लिया। पूरा मंदिर परिसर देर रात तक “जय माता दी” के जयघोष से गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत विधिवत पूजन-अर्चन और माता की आरती के साथ की गई। इसके बाद आमंत्रित भजन गायकों द्वारा मां दुर्गा के भक्ति गीत, भजन एवं जागरण प्रस्तुत किए गए, जिस पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए। भजनों के माध्यम से शक्ति, भक्ति और संस्कारों का सुंदर संदेश दिया गया। आयोजन के दौरान माता की आकर्षक झांकी भी सजाई गई, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही।
इस अवसर पर राष्ट्र जागरण युवा संगठन से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी डॉ. विवेक कुमार, कमल जगवानी एवं सौरभ शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन के लिए राठौर परिवार को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के धार्मिक कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और आपसी भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने युवाओं से सनातन संस्कृति से जुड़ने और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने का आह्वान भी किया।

राष्ट्र जागरण युवा संगठन द्वारा 22 जनवरी को अभिनंदन समारोह का आयोजन


बरेली। राष्ट्र जागरण युवा संगठन के तत्वावधान में आगामी 22 जनवरी 2026, गुरुवार को एक भव्य अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम उपजा प्रेस क्लब, बरेली में दोपहर 4 बजे से प्रारंभ होगा।
कार्यक्रम का उद्देश्य हाल ही में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि प्राप्त करने वाले सम्मानित व्यक्तियों/पदाधिकारियों/अधिवक्ताओं  का अभिनंदन एवं सम्मान करना है। आयोजकों के अनुसार यह समारोह युवाओं में सामाजिक चेतना, संगठनात्मक एकता एवं सकारात्मक ऊर्जा का संदेश देगा।
राष्ट्र जागरण युवा संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि समारोह की तैयारियां अंतिम चरण में हैं और बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता, समाजसेवी, गणमान्य नागरिक एवं आमजन की उपस्थिति अपेक्षित है।
आयोजकों ने नगर के सभी सम्मानित नागरिकों से कार्यक्रम में समय पर पहुंचकर समारोह की गरिमा बढ़ाने की अपील की है।

नितिन नवीन को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने पर बधाई : शैला अहमद


मुंबई _: नितिन नवीन जी को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने पर पूर्व सांसद और वेस्ट बंगाल की मुस्लिम चेहरा शैला अहमद ने उनको मुबारकबाद दी और इसे एक ऐतिहासिक अवसर बताया। श्री नबीन वैचारिक रूप से परिपक्व हैं, क्योंकि उन्होंने बहुत कम उम्र में पांच बार विधायक के रूप में कार्य किया है। उन्होंने कहा कि एक युवा, ऊर्जावान और प्रतिभाशाली व्यक्तित्व ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में जिम्मेदारी संभाली है
और कहा कि भाजपा को विश्व की सबसे बड़ी पार्टी बताया। श्री नबीन पार्टी की विरासत को आगे बढ़ाएंगे। उन्होंने कहा कि नवनियुक्त भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष उस पीढ़ी से हैं जिसने देश में बड़े आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी परिवर्तन देखे हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि श्री नबीन में युवा ऊर्जा है और संगठन के कार्यों का व्यापक अनुभव है जो पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के लिए बहुत उपयोगी होगा।
पूर्व सांसद ने बताया कि संगठन की सबसे छोटी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक पूरी प्रक्रिया लोकतांत्रिक तरीके से संपन्न हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी का नेतृत्व परंपरा से प्रेरित है, अनुभव से समृद्ध है और जनसेवा तथा राष्ट्रसेवा की भावना से संगठन को आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन पर्व का भव्य आयोजन भाजपा के लोकतांत्रिक विश्वास, संगठनात्मक अनुशासन और कार्यकर्ता-केंद्रित दृष्टिकोण का प्रतीक है।

व्यापारियों के हक़ में बड़ा कदम, राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल की महानगर युवा टीम मैदान में

बरेली। राष्ट्र जागरण उद्योग व्यापार मंडल बरेली की कोर कमेटी की बैठक सम्पन्न हुई, जिसमें व्यापारिक संस्थाओं के साथ-साथ महानगर युवा टीम की औपचारिक घोषणा की गई। बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष राजकुमार राजपूत ने कहा कि जीएसटी विभाग द्वारा व्यापारियों को लगातार नोटिस भेजे जा रहे हैं तथा बिना पूर्व सूचना के सर्वे किए जा रहे हैं, जो व्यापारी हित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम द्वारा भी बिना नोटिस प्रतिष्ठानों को सील किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि संबंधित अधिकारी व्यापारिक संगठनों के साथ बैठक कर समस्याओं का समाधान निकालें। महानगर अध्यक्ष विशाल मेहरोत्रा ने कहा कि जीएसटी कमिश्नर (अपील) को यह अधिकार मिलना चाहिए कि वे व्यापारी के खिलाफ पारित एक्स पार्टी ऑर्डर को स्वीकार कर सकें। इनकम टैक्स में यह व्यवस्था पहले से है, जबकि जीएसटी में इसका अभाव है। उन्होंने कहा कि कई बार व्यापारी को पता ही नहीं चल पाता कि उसके खिलाफ कोई आदेश हो गया है। इनकम टैक्स में यदि छह माह तक नोटिस का जवाब नहीं मिलता तो मैनुअल नोटिस भेजा जाता है, जबकि जीएसटी में ऐसा प्रावधान नहीं है। इस पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापारी व्यापारिक जटिलताओं में इतना उलझ गया है कि वह सामाजिक सेवा और राजनीति में सक्रिय भागीदारी नहीं कर पा रहा है। व्यापारियों को तनावमुक्त करने और संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से महानगर युवा टीम की घोषणा की गई। महानगर युवा टीम इस प्रकार है युवा चेयरमैन – मोहित तिवारी , अध्यक्ष – रोहित भसीन , महामंत्री – रजत अग्रवाल , उपाध्यक्ष – अर्पित अग्रवाल, राहुल रस्तोगी , कोषाध्यक्ष – विशाल सिंह संयोजक अमित भारद्वाज व अनिल पाटिल ने बताया कि सैकड़ों युवा व्यापारियों ने व्यापार मंडल की सदस्यता ली है। शीघ्र ही नई कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा तथा फरवरी माह में भव्य शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना एवं विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश महापौर परिषद के अध्यक्ष एवं बरेली महापौर डॉ. उमेश गौतम होंगे। सचिव सौरभ शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए संगठन को मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। बैठक में प्रमुख रूप से जिला महामंत्री अनिल पाटिल, अमित मिश्रा, प्रखर अग्रवाल, रचित अग्रवाल, सरदार गोलू, सुरेंद्र अग्रवाल ‘लाला जी’, प्रेम साहनी, राजीव अग्रवाल, प्रखर अग्रवाल, कन्हैया राजपूत सहित अनेक व्यापारी उपस्थित रहे।

नर्सिंग छात्रा से मारपीट मामला: ऋषभ ठाकुर ने किया कोर्ट में सरेंडर, दीपक पाठक फरार

राष्ट्र जगत संवाददाता

बरेली। नर्सिंग छात्रा के साथ मारपीट के चर्चित मामले में एक अहम मोड़ सामने आया, जब मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर ने न्यायालय में सरेंडर कर दिया। कोर्ट में आत्मसमर्पण के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, इस मामले का दूसरा आरोपी दीपक पाठक अब भी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व नर्सिंग छात्रा के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी, जिसके बाद परिजनों और छात्र संगठनों में भारी आक्रोश देखने को मिला। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ऋषभ ठाकुर पर ही मुख्य रूप से मारपीट का आरोप है, जबकि दीपक पाठक पर भी घटना में सहयोग करने का आरोप है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस मामले को लेकर शहर में अब भी रोष का माहौल बना हुआ है और लोग आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

धोरेरा माफी में सत्यपाल पटेल ने चुनाव कार्यालय का किया उद्घाटन, खिचड़ी भोज व कंबल वितरण


बरेली। ग्राम पंचायत धोरेरा माफी महानगर में प्रधान पद के उम्मीदवार एवं पूर्व प्रधान सत्यपाल पटेल ने रविवार को अपने चुनाव कार्यालय का उद्घाटन किया। इस अवसर पर सांसद छत्रपाल गंगवार और जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। उद्घाटन के उपरांत मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान राहगीरों तथा ग्राम पंचायत धोरेरा माफी महानगर की जनता को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। साथ ही महिलाओं और बुजुर्गों को कंबल वितरित कर ठंड से राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया।
आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, समर्थक और क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

संपादकीय: लोक परंपरा, प्रकृति और उल्लास का पर्व — लोहड़ी


लोहड़ी केवल एक त्योहार नहीं, बल्कि भारतीय लोक संस्कृति, कृषि परंपरा और सामूहिक उल्लास का जीवंत उत्सव है। विशेष रूप से उत्तर भारत, खासकर पंजाब और हरियाणा में मनाया जाने वाला यह पर्व नई फसल के स्वागत, सूर्य के उत्तरायण होने और प्रकृति के प्रति कृतज्ञता प्रकट करने का प्रतीक है। यह त्योहार यह संदेश देता है कि मानव जीवन प्रकृति के साथ सामंजस्य से ही सुखी और समृद्ध बन सकता है।
लोहड़ी की संध्या पर प्रज्ज्वलित अग्नि केवल अलाव नहीं होती, बल्कि वह आशा, ऊर्जा और सकारात्मकता का प्रतीक होती है। लोग इसके चारों ओर एकत्र होकर तिल, गुड़, रेवड़ी, मूंगफली और पॉपकॉर्न अर्पित करते हैं। ये परंपराएं केवल धार्मिक आस्था नहीं, बल्कि किसान संस्कृति और श्रम के सम्मान का भाव भी प्रकट करती हैं। यह वह समय होता है जब किसान अपनी मेहनत के फल के लिए प्रकृति और ईश्वर का आभार व्यक्त करता है।
लोहड़ी हमें यह भी सिखाती है कि जीवन केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों का नाम नहीं, बल्कि सामूहिक खुशियों और सामाजिक जुड़ाव से ही जीवन पूर्ण होता है। लोक गीतों, भांगड़ा-गिद्धा जैसे नृत्यों और आपसी मिलन के माध्यम से यह पर्व समाज में प्रेम, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है। नई संतानों, नए विवाह और नए आरंभों का स्वागत लोहड़ी को और भी विशेष बना देता है।
आज के समय में जब समाज तनाव, प्रतिस्पर्धा और भौतिकता के दबाव से गुजर रहा है, लोहड़ी जैसे लोक पर्व हमें अपनी जड़ों की ओर लौटने का अवसर देते हैं। ये त्योहार हमें सादगी, प्रकृति से जुड़ाव और साझा उल्लास का महत्व समझाते हैं। वास्तव में, लोहड़ी केवल आग के चारों ओर घूमने का पर्व नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने और संस्कृति को जीवंत रखने का उत्सव है। यही इसकी सबसे बड़ी सार्थकता और समृद्धि है।

एड. सौरभ शर्मा
संपादक / चेयरमैन
राष्ट्र जगत दैनिक अखबार
मो. 7017533033